स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत मजबूत नागरिक उड्डयन बाज़ार-खारोला

'विंग्स इंडिया 2020' के शुभारंभ से पूर्व उद्योग जगत की बैठक

भारत वैश्विक विमानन क्षेत्र के पुनरुद्धार के लिए तैयार-नायर

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 20 January 2020 01:43:00 PM

industry meeting before the launch of 'wings india 2020'

बेंगलुरु। एशिया के सबसे बड़े नागर विमानन सम्मलेन विंग्स इंडिया-2020 से पूर्व बेंगलुरु में भारतीय विमानन और प्रौद्योगिकी जगत के शीर्ष प्रतिनिधियों की बैठक हुई, जिसमें भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव प्रदीप सिंह खारोला, नागरिक उड्डयन मंत्रालय की संयुक्त सचिव उषा पाढ़ी, मानव अंतरिक्ष उड़ान केंद्र इसरो के अध्यक्ष और निदेशक डॉ एस उन्नीकृष्णन नायर एवं वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी शामिल हुए। सचिव प्रदीप सिंह खारोला ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में भारत एक मजबूत नागरिक उड्डयन बाज़ार का साक्षी रहा है और इस आयोजन के माध्यम से हम एक अनुकूल मंच प्रदान करना चाहते हैं, जो नवीन व्यापार अधिग्रहण, निवेशों, नीति निर्माण और क्षेत्रीय संपर्क पर ध्यान केंद्रित करते हुए इस क्षेत्र में तेजी से बदलती गतिशीलता के साथ कार्य करेगा।
प्रदीप सिंह खारोला ने कहा कि बेंगलुरु भारत की सूचना प्रौद्योगिकी राजधानी है और इसमें भारत की विमानन राजधानी बनने की भी क्षमता है। मानव अंतरिक्ष उड़ान केंद्र इसरो के निदेशक डॉ एस उन्नीकृष्णन नायर ने कहा कि भारत वैश्विक विमानन क्षेत्र के पुनरुद्धार के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि नागरिक उड्डयन और अंतरिक्ष उद्योग संयुक्त रूपसे पायलटों और अंतरिक्ष यात्रियों को एक विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि विमानन के साथ-साथ अंतरिक्ष के नवीन विकास क्षेत्रों को विकसित करने के लिए यह सम्मलेन एक ऐसा मंच है, जिसके माध्यम से सकारात्मक लक्ष्यों को प्राप्त करना सुनिश्चित किया जा सकता है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय की संयुक्त सचिव उषा पाढ़ी ने कहा कि इस शिखर सम्मेलन का उद्देश्य अवसरों का पता लगाने के लिए इस क्षेत्र से जुड़े सभी हितधाकरों, सुसाध्यकर्ताओं और उड्डयन क्षेत्र के नियामकों को एक साथ एक मंच पर लाना है।
भारतीय नागरिक उड्डयन उद्योग के प्रमुख सम्मलेन विंग्स इंडिया-2020 का आयोजन 12 से 15 मार्च 2020 तक बेगमपेट हवाईअड्डे हैदराबाद में किया जाएगा। इस चार दिवसीय विंग्स इंडिया-2020 सम्मलेन का विषय-फ्लाइंग फ़ॉर ऑल है। यह एक अंतर्राष्ट्रीय मंच के रूपमें नागरिक उड्डयन उद्योग में नए व्यापार अधिग्रहण, निवेश, नीति निर्माण और क्षेत्रीय संपर्कों पर केंद्रित होगा। भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एएआई और फिक्की का आयोजित विंग्स इंडिया-2020 सम्मलेन उद्योग जगत में एशिया का सबसे व्यापक और लोकप्रिय सम्मलेन है। इसमें नागरिक उड्डयन क्षेत्र के विदेशी मंत्रियों, शीर्ष नेताओं, अंतर्राष्ट्रीयस्तर के मुख्यकार्यकारी अधिकारियों, आपूर्तिकर्ताओं, रणनीतिक साझेदारों और संगठनों के शामिल होने की उम्मीद है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]