स्वतंत्र आवाज़
word map

देश में हुनर हाट सफल हुए-मुख्तार नक़वी

तीन वर्ष में 3 लाख मास्टर कारीगरों को मिला रोज़गार

अगले पांच वर्ष में देश में लगेंगे लगभग सौ हुनर हाट

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 10 February 2020 02:50:46 PM

hunar haat of indore

इंदौर। केंद्रीय अल्पसंख्यक ‌कल्याण कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहा है कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के हुनर हाट देशभर में जरूरतमंद स्वदेशी शिल्पकारों, पाक कला और संस्कृति एवं मास्टर कारीगरों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए एक मेगा मिशन साबित हुए हैं। मुख्तार अब्बास नकवी ने यह बात इंदौर में मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के साथ हुनर हाट के उद्घाटन पर कही। उन्होंने कहा कि देश में हुनर हाट की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 3 वर्ष में लगभग 3 लाख जरूरतमंद मास्टर कारीगरों, शिल्पकारों और पाक कला विशेषज्ञों को हुनर हाट के माध्यम से रोज़गार और रोज़गार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। इन लाभार्थियों में बड़ी संख्या में महिला कारीगर हैं।
अल्पसंख्यक कार्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि अगले 5 वर्ष में देशभर में लगभग 100 हुनर हाट का आयोजन किया जाएगा, जिससे माध्यम से लाखों कारीगरों और शिल्पकारों एवं उनसे जुड़े लोगों को रोज़गार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार न केवल मास्टर कारीगरों और शिल्पकारों को रोज़गार का अवसर प्रदान कर रही है, बल्कि यह उनकी उस पारंपरिक विरासत को भी संरक्षित कर बढ़ावा दे रही है, जो विलुप्त होने के कगार पर आ चुकी थी। मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश के विभिन्न हिस्सों में 100 हुनर हब स्थापित करने की मंजूरी दे दी है, इन हुनर हब में आधुनिक जरूरतों के हिसाब से मास्टर कारीगरों, शिल्पकारों और पारंपरिक पाक कला विशेषज्ञों को न केवल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, बल्कि उनको राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीयस्तर का बाज़ार भी उपलब्ध करवाया जा रहा है।
मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हुनर हाट का आयोजन देश के प्रमुख स्थानों पर किया जा रहा है, जो कि कारीगरों और शिल्पकारों के लिए आर्थिक रूपसे फायदेमंद साबित हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक हुनर हाट में कारीगरों और शिल्पकारों के स्वदेशी हस्तनिर्मित उत्तम उत्पादों के लिए करोड़ों रुपये का व्यवसाय होता है, ये कारीगर अपने उत्पादों के लिए घरेलू बाजारों से बल्कि अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से भी ऑर्डर प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हुनर हाट रोज़गार और आर्थिक एवं व्यावसायिक सशक्तिकरण के एक्सचेंज बन गए हैं। अल्पसंख्यक कार्यमंत्री ने कहा कि इंदौर का हुनर हाट अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय का 19वां हुनर हाट है और अबतक देश के विभिन्न स्थानों जैसेकि दिल्ली, मुंबई, इलाहाबाद, लखनऊ, जयपुर, अहमदाबाद, हैदराबाद और पुदुचेरी में हुनर हाट का आयोजन किया जा चुका है, अगले हुनर हाट का आयोजन 13 से 23 फरवरी 2020 तक इंडिया गेट मैदान राजपथ नई दिल्ली में, 29 फरवरी से 8 मार्च तक रांची में और 13 से 22 मार्च तक चंडीगढ़ में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में हुनर हाट का आयोजन गुरुग्राम, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता, देहरादून, पटना, भोपाल, नागपुर, रायपुर, पुदुचेरी, अमृतसर, जम्मू, शिमला, गोवा, कोच्चि, गुवाहाटी, भुवनेश्वर, अजमेर जैसे स्थानों पर किया जाएगा।
मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन ने इस अवसर पर हुनर हाट और विभिन्न शिल्पों की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत विविधताओं वाला देश है, जहां प्रत्येक क्षेत्र की अलग-अलग कलाएं, संस्कृतियां, भाषाएं और वेशभूषाएं हैं। उन्होंने कहा कि भारत की पहचान अनेकता में एकता के रूपमें होती है, देश के प्रत्येक हिस्से में कला और शिल्प इसमें अपनी बड़ी भूमिका निभाते हैं। हुनर हाट के माध्यम से कारीगरों और शिल्पियों को बड़ी मात्रा में रोज़गार का अवसर प्रदान करने के लिए लालजी टंडन ने अल्पसंख्यक कार्यमंत्री को बधाई दी। राज्यपाल ने कहा कि मुख्तार अब्बास नक़वी के नेतृत्व में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय देश में कला, शिल्प की समृद्ध विरासत को बड़े अवसर और बाज़ार प्रदान कराके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस ड्रीम प्रोजेक्ट को मजबूती प्रदान कर रहा है। इंदौर में हुनर हाट 8 से 16 फरवरी तक किया जा रहा है, इसमें 125 स्टॉल लगाए गए हैं और देशभर के 250 से ज्यादा मास्टर कारीगर, शिल्पकार और पाक-कला विशेषज्ञ इसमें भाग ले रहे हैं। इन कारीगरों में बड़ी संख्या महिला कारीगरों की है। ये लोग यहां हस्तनिर्मित उत्पाद लेकर आए हैं। यहां कई राज्यों का बावर्चीखाना है, जो अपने पारंपरिक व्यंजन परोस रहा है। यहां विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी इंदौर हुनर हाट के प्रमुख आकर्षणों में से एक हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]