स्वतंत्र आवाज़
word map

कांग्रेस प्रत्याशी भाजपा के वोट कटवा-प्रियंका

'उत्तर प्रदेश में कांग्रेस प्रत्याशियों में निराशा की लहर'

'यूपी में हम सपा-बसपा गठबंधन की मदद कर रहे हैं'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 1 May 2019 01:39:57 PM

priyanka gandhi vadra

रायबरेली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि कांग्रेस संगठन उत्तर प्रदेश में जहां कमजोर है वहां कांग्रेस ने कई सीटों पर ऐसे कैंडिडेट उतारे हैं, जो भाजपा का वोट काट सकें, जिससे भाजपा हार जाए। उन्होंने कहा कि हम जहां जीत रहे हैं, वहां को छोड़कर बाकी सभी जगह यूपी में गठबंधन की मदद कर रहे हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा रायबरेली में भ्रमण के दौरान मीडिया से बात कर रही थीं। प्रियंका गांधी वाड्रा के इस बयान ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस उम्मीदवारों के सामने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है, क्योंकि अब जनता कांग्रेस प्रत्याशी को जीतने के लिए नहीं, बल्कि केवल वोट कटवा के रूपमें ही देखेगी।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने यह नहीं बताया कि कांग्रेस यूपी में कौन सी सीटें जीत रही है, वैसे भी अभी तक यही माना जा रहा है कि कांग्रेस केवल रायबरेली और अमेठी के बाहर उत्तर प्रदेश में कहीं पर भी मुकाबले में नहीं है, आज प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी यह सच्चाई भी स्वीकार कर ली है। गौरतलब है कि प्रियंका गांधी वाड्रा का बयान ऐसे समय पर आया है, जब बसपा अध्यक्ष मायावती और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के कांग्रेस पर तीखे हमले हो रहे हैं और मायावती तो कह चुकी हैं कि उनको कांग्रेस की कोई जरूरत ही नहीं है। अखिलेश यादव भी बसपा की ही भाषा बोल रहे हैं, जिससे कांग्रेस प्रत्याशियों के सामने एक तो पहले से ही चुनाव में मुकाबले में बने रहने का संघर्ष था, अब प्रियंका गांधी वाड्रा का बयान उनके लिए और बड़ी मुसीबत बन गया है, जिसका परिणाम यह हो सकता है कि प्रियंका गांधी वाड्रा सपा-बसपा गठबंधन की मदद कर पाएं की नहीं, कांग्रेस का वोट भाजपा को जरूर चला जाएगा।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि प्रियंका गांधी वाड्रा की यह क्या रणनीति है, यह तो वही जानें, किंतु कांग्रेस प्रत्याशियों का मनोबल तो जाता रहा है और इससे भाजपा की बल्ले-बल्ले हो गई है। छह मई को पांचवे चरण के वोट डाले जाएंगे, जिनमें प्रियंका गांधी वाड्रा का बयान कांग्रेस के नुकसान के रूपमें जरूर असर दिखाएगा। प्रियंका गांधी वाड्रा ने साफ-साफ कहा है कि हमने कई जगहों पर जीतने के लिए नहीं बल्कि भाजपा के वोट काटने के लिए अपने कैंडिडेट उतारे हैं। उन्होंने कहा कि हर सीट जीतने के लिए नहीं होती है उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन कमजोर है और हम उसे मजबूत कर रहे हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा से पूछा गया कि उत्तर प्रदेश से लोकसभा में कांग्रेस की जीत नहीं हो रही है तो क्या वे केवल 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही हैं तो उन्होंने इसका कोई सीधा जवाब नहीं दिया।
कांग्रेस के प्रधानमंत्री पद के दावे का फिर क्या होगा और अगला पीएम कौन बनेगा तो उन्होंने कहा कि इसकी उलझन नरेंद्र मोदी को है, हमें नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीति केवल जीतने के लिए नहीं होती है, यह समस्याओं से लड़ने और विचारधारा की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी बुरी तरह हारने वाली है, इसीलिए तो हमने कमजोर सीटों पर बीजेपी के वोट काटने वाले कमजोर प्रत्याशी उतारे हैं और ऐसा करके हमारे उम्मीदवार महागठबंधन की मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी रणनीति बहुत क्लियर है, मुझे 2019 में बीजेपी को हराना है-हराना है। प्रियंका गांधी वाड्रा का यह बयान भाजपा ने लपक लिया है और सोशल मीडिया पर भी इस बयान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। राजनीतिक क्षेत्रों में कहा जा रहा है कि यह तो पहले से ही पता था कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस दो सीटों से आगे नहीं है, अब प्रियंका गांधी वाड्रा ने ही कह दिया है तो कांग्रेस का यूपी में खड़े होना मुश्किल हो जाएगा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]