स्वतंत्र आवाज़
word map

राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों केसाथ मनाया रक्षाबंधन

पर्यावरण केप्रति प्रेम देखभाल व संरक्षण के लिए प्रोत्साहित किया

देशभर के छात्र-छात्राओं के साथ राष्ट्रपति भवन में रक्षाबंधन पर्व

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 29 August 2026 12:10:48 PM

president celebrated raksha bandhan with students.

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्कूली छात्र-छात्राओं को रक्षाबंधन पर्व के मूल मूल्यों यानी प्रेम, देखभाल और संरक्षण का महत्व बताया और उनको पर्यावरण केप्रति प्रेम देखभाल व संरक्षण केलिए प्रोत्साहित किया। पर्यावरण के बिगड़ते संतुलन पर चिंता व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति ने छात्रों से जीवन केलिए आवश्यक संतुलन को बनाए रखने केलिए वृक्षों और पौधों पर राखी बांधने का आग्रह किया। छात्रों को देश का भविष्य बताते हुए उन्होंने कहाकि वृक्षारोपण और उसकी देखभाल का संकल्प जीवनभर का कर्तव्य बनना चाहिए। उन्होंने कहाकि रक्षाबंधन प्रेम के उस बंधन का प्रतीक है, जिसे परिवार के सदस्यों, दोस्तों और यहां तककि पेड़ों केसाथ भी साझा किया जाता है। राष्ट्रपति ने ये उद्गार देशभर के स्कूली छात्र-छात्राओं केसाथ राष्ट्रपति भवन में रक्षाबंधन पर्व मनाते हुए व्यक्त किए।
राष्ट्रीय राजधानी की अपनी यात्रा के तहत छात्रों ने प्रधानमंत्री संग्रहालय का दौरा किया। राष्ट्रपति भवन में कार्यक्रम केबाद छात्रों ने राष्ट्रपति भवन और अमृत उद्यान का भ्रमण किया। वे रायपिथोरा सांस्कृतिक परिसर में ‘दी लाईट एंड दी लोटस: रेलिक्स ऑफ अवेकेंड वन’ प्रदर्शनी देखने गए, वहां प्रदर्शित पवित्र बुद्ध अवशेषों का दर्शन किया। अपनी शैक्षिक यात्रा के अंतर्गत राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और इंडिया गेट का भी दौरा किया। राष्ट्रपति भवन में रक्षाबंधन समारोह में 89 छात्रों और 32 शिक्षकों सहित 122 प्रतिभागियों ने भाग लिया। लगभग 17 राज्यों, एक केंद्रशासित प्रदेश, केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) और नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) से आए प्रतिनिधियों में 13 विशेष आवश्यकता वाले बच्चे भी शामिल थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]