स्वतंत्र आवाज़
word map

पुलिस अपनी कार्यप्रणाली सुधारे-मुख्यमंत्री

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 18 March 2013 09:58:58 AM

akhilesh yadav

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पुलिस विभाग को अपनी कार्यप्रणाली सुधारने तथा अपराधियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घटनाओं की सूचना मिलने पर पुलिस को तत्काल सक्रिय होने तथा मौके पर शीघ्र पहुंचने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि समय रहते उचित कार्रवाई करने से घटनाओं को गंभीर होने से रोका जा सकता है।
मुख्यमंत्री सोमवार को शास्त्री भवन में गृह विभाग के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता की धारणा बदलने एवं विश्वास कायम करने के लिए पुलिस को अपने निचले स्तर के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि थाने एवं चौकी स्तर पर गलत छवि वाले कर्मियों को चिन्हित कर उन पर निगाह रखी जाए और आवश्यकतानुसार कठोर कार्रवाई भी की जाए। उन्होंने कहा कि कोई घटना घटित होने पर मीडिया को तत्काल इसके संबंध में तथ्यात्मक जानकारी दी जाए। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों तथा आपराधिक लोगों के विरूद्ध कार्रवाई के भी निर्देश दिए हैं।
अखिलेश यादव ने थानों की कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने का निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस विभाग को आवश्यकतानुसार आधुनिक संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने पुलिस की गतिशीलता बढ़ाने के लिए वाहनों की व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार सीसी टीवी, आधुनिक कंट्रोल रूम, फारेंसिक लैब, नान लीथल वेपन इत्यादि की क्रमशः उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा कि विमेन पावर लाइन-1090 की तरह ही पुलिस को अपने अन्य कार्यों में तकनीक के प्रयोग को बढ़ावा देने तथा रिसपांस टाइम न्यूनतम करने से विभाग की छवि में सुधार आएगा। उन्होंने पुलिस विभाग में कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल, सब इंस्पेक्टर तथा महिला कांस्टेबल की समयबद्ध भर्ती प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए इन सभी कार्मिकों के लिए शीघ्र प्रशिक्षण नीति तैयार करने की अपेक्षा भी की।
मुख्यमंत्री के समक्ष एडीजी कानून व्यवस्था अरुण कुमार ने एक प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया, जिसमें पुलिस एवं पीएसी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बैठक में मुख्य सचिव जावेद उस्मानी, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री राकेश गर्ग, प्रमुख सचिव गृह आरएम श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव वित्त आनंद मिश्रा, पुलिस महानिदेशक एसी शर्मा, सचिव मुख्यमंत्री अनीता सिंह, आलोक कुमार, शंभू सिंह यादव एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]