स्वतंत्र आवाज़
word map

अयोध्या में सूर्यवंश की पताका फहराई गई

दीपोत्सव के साथ हुआ श्रीराम का अयोध्या आगमन

कोरिया राजवंश की मौजूदगी में भव्य कार्यक्रम

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 7 November 2018 01:54:55 PM

deepa festival in ayodhya

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में ‘दीपोत्सव-2018’ के दिव्य और भव्य समारोह को संबोधित करते हुए फैजाबाद जनपद का नाम अयोध्या करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अयोध्या और देश के लोगों की भावनाओं से जुड़कर ही भाजपा सरकार कार्य करना चाहती है, इसलिए अयोध्या में राजा दशरथ मेडिकल कॉलेज एवं अयोध्या की परंपरा के अनुरूप यहां पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के नाम पर हवाईअड्डा होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार रामराज्य की अवधारणा को साकार कर रही है। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के जाति, मजहब और भाषा से परे रहकर सभी के उत्थान और विकास के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे ‘दीपोत्सव’ के आयोजन पर भगवान श्रीराम के नाम पर एक दीप अवश्य जलाएं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 176 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें पर्यटन विभाग की ‘क्वीन हो’ स्मारक, राम कथा पार्क, राम की पैड़ी, सिंचाई विभाग की राम की पैड़ी का उच्चीकरण, ऊर्जा विभाग की आईपीडीएस योजना, नगरविकास विभाग की अमृत योजना और राजस्व तथा ग्राम्य विकास, पंचायतीराज विभाग की 15 पशु शालाओं एवं चारागारों के निर्माण एवं विकास की योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या के ‘दीपोत्सव’ को भारत के राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री का आशीर्वाद प्राप्त हुआ, परिणामस्वरूप दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किमजोंग-सुक के साथ एक विशाल प्रतिनिधिमंडल यहां के दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुआ, जिससे दीपोत्सव कार्यक्रम को अंतर्राष्ट्रीय मान्यता मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी संस्कृति ‘अतिथि देवो भवः’ की संस्कृति रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किमजोंग-सुक के यहां आने से हम सभी अपने अतीत से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या की पहचान अयोध्या के ही रूपमें होना इस कार्यक्रम का उद्देश्य है, वैसे भी दीपावली का आयोजन अयोध्या से ही जाना जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामायण सर्किट को भी विकसित करने का कार्य किया जा रहा है, जनकपुर से अयोध्या तक की बस सेवा की शुरुआत कर ही दी गई है। उन्होंने कहा कि राम-जानकी के विवाह के अवसर पर इस बार वे स्वयं जनकपुर जाएंगे। उन्होंने कहा कि रामराज्य की स्थापना की नींव रखे जाने की दिशा में कार्रवाई प्रारंभ की जा चुकी है। उन्होंने केंद्र सरकार के साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल के एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कार्यों एवं देश के करोड़ों गरीबों के कल्याण कार्यक्रमों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में विकास के कार्य बहुत तेजी से हो रहे हैं। सड़कों की बेहतरी, घाटों का सौंदर्यीकरण हुआ है और बिजली के नंगे तारों से अयोध्या को मुक्ति मिली है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या को 7 पुरियों के रूप में श्रद्धा और सम्मान की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरयू में गिरने वाले गंदे नालों को टैप करने का कार्य नमामि गंगे परियोजना के तहत किया जा रहा है, इसके लिए केंद्र सरकार ने धन भी स्वीकृत कर दिया है, राम की पैड़ी को हरिद्वार जैसी हरि की पैड़ी का स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या विकास की नई ऊँचाइयों को छुएगा, अयोध्या हमेशा ‘दीपोत्सव’ की भांति जगमगाएगी। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक भी इस अवसर पर मौजूद थे। उन्होंने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘दीपोत्सव’ देखकर त्रेतायुग में भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन के दृश्य को महसूस किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में तीन लाख से अधिक दीपों का प्रज्ज्वलन सारी दुनिया में एक साथ इतने दीप प्रज्जवलन का रेकॉर्ड है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश के चतुर्दिक विकास की बात कही।
अयोध्या पर हमें गर्व-किमजोंग-सुक
बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन भी दीपोत्सव में आए। उन्होंने कहा कि अयोध्या के राजा श्रीराम के आदर्शों पर चलने और उनके समय के परिदृश्य को एक बार फिर से जीवंत करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किमजोंग-सुक दीपोत्सव में मुख्य अतिथि के रूपमें शामिल हुईं। उन्होंने अयोध्या में दीपोत्सव में भाग लिया और दक्षिण कोरिया राजवंश की महारानी किम हो के अयोध्या की राजकुमारी होने पर गर्व प्रकट किया। किमजोंग-सुक ने इस अवसर पर भारतीय नारी के परिधान में थीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी को दीपावली की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने 2000 वर्ष पूर्व अयोध्या की राजकुमारी के कोरिया जाने और वहां के राजकुमार से विवाह के प्रसंग का स्मरण करते हुए कहा कि भारत और दक्षिण कोरिया के सम्बंध प्रेम और विश्वास के हैं, भारत और दक्षिण कोरिया मिलकर विश्व में शांति और समृद्धि के सुखद भविष्य के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि दीपावली में सम्पूर्ण विश्व के अंधकार को दूर करने की इच्छा का समावेश है। उन्होंने महात्मा गांधी की अहिंसा की नीति से प्रभावित होकर अन्याय को पराजित करने की कोरिया की ‘मोमबत्ती क्रांति’ का भी स्मरण किया।
अयोध्या दीपोत्सव में विदेश राज्यमंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह ने कहा कि अयोध्या का ‘दीपोत्सव’ हमें अपने अतीत की याद दिलाता है, इस कार्यक्रम से इतिहास का पुनर्जागरण हुआ है। उत्तर प्रदेश की पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस आयोजन में दक्षिण कोरिया का शामिल होना हमारे सांस्कृतिक सम्बंधों की प्रगाढ़ता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अयोध्या भविष्य में विश्व की एक सुंदर नगरी बनेगी। दीपोत्सव पर भगवान श्रीराम का पुष्पक विमान से माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों में जब आगमन हुआ, तो मुख्यमंत्री और किमजोंग-सुक एवं विशिष्ट अतिथियों ने उनका स्वागत अभिनंदन किया। उनके स्वरूपों के मंच पर आने पर उनका राज्याभिषेक कर आरती, पूजन अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने संत-महात्माओं का भी स्वागत वंदन और अभिनंदन किया। हेलीकॉप्टर से अयोध्या पर पुष्पवर्षा के नयनाभिराम दृश्य से जनसमुदाय आह्लादित हुआ। सारे दिन रामकथा पार्क में विभिन्न आयोजन होते रहे। विभिन्न कलाकारों ने अपने तरह से रामलीला का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए जहां बड़ी संख्या में अतिथियों का आगमन हुआ, वहीं क्षेत्रीय जनता और देश-विदेश का मीडिया भी बड़ी संख्या में मौजूद था।
दीपोत्सव कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किमजोंग-सुक ने नया घाट पर सरयू का पूजन किया, आरती की और सरयू में दीपदान किया। दीपोत्सव कार्यक्रम की यह विशेषता रही कि दक्षिण कोरिया के राजवंश ने यहां यह सिद्ध किया कि उसका अयोध्या से अत्यंत गहरा लगाव है। दक्षिण कोरिया ने अयोध्या के विकास में बहुत पहले से ही अपना योगदान सुनिश्‍चित किया था, लेकिन दुर्भाग्य से उत्तर प्रदेश की मुलायम सिंह यादव, मायावती और अखिलेश यादव सरकार की मुस्लिम तुष्टिकरण की नीति के कारण यह संभव नहीं हो सका, अब भाजपा की सरकार में यह सब शुरू हुआ है, जो अयोध्या के अतीव विकास के रूपमें देखने को मिलेगा। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ दिनेश शर्मा, नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, संस्कृति मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी, राज्य के अनेक मंत्री, अयोध्या के सांसद लल्लू सिंह, जनप्रतिनिधि, दक्षिण कोरिया के पर्यटन व संस्कृति मंत्री डू-जांग-ह्वान एवं राजदूत, शासन-प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]