स्वतंत्र आवाज़
word map

'भारत खेल महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर'

'राष्ट्रवाद को बढ़ावा देने में विद्याभारती का बड़ा योगदान'

गृहमंत्री राजनाथ सिंह विद्याभारती के कार्यक्रम में पधारे

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 2 November 2018 04:30:57 PM

rajnath singh giving away trophies at the 31st national sports ceremony

लखनऊ। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह आज लखनऊ में विद्याभारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के 31वें राष्ट्रीय खेलकूद समारोह के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूपमें शामिल हुए। इस अवसर पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि बच्चों को ज्ञान देने के साथ ही उन्हें अच्छे संस्कार देना भी जरूरी है, क्योंकि वही ज्ञान आगे चलकर समाज के लिए उपयोगी होता है, जो संस्कारों से युक्त होता है। उन्होंने कहा कि भारत के परंपरागत मूल्य और सांस्कृतिक विशिष्टताएं पूरे विश्व को आकर्षित करती हैं, भारतीय संस्कृति वास्तव में मन को बड़ा करने का काम करती है और यही कारण है कि वसुधैव कुटुम्बकम जैसे विचार भारत में ही पाए जाते हैं। उन्होंने सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने और राष्ट्रवाद को बढ़ावा देने में विद्याभारती के बड़े योगदान की सराहना की।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले के समय में आर्थिक रूपसे मजबूत पश्चिमी देशों का ही विश्व में खेलों में वर्चस्व रहता था, जिसे बाद में एशियाई देश जापान, चीन और कोरिया जैसे देशों ने भंग किया। उन्होंने कहा कि भारत आज न केवल आर्थिक महाशक्ति, बल्कि खेल महाशक्ति बनने की ओर भी अग्रसर है। विद्याभारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तीन दिन के 31वें राष्ट्रीय खेल कूद समारोह में देशभर में फैले विद्याभारती विद्यालयों के करीब 1250 छात्र-छात्राओं और संरक्षक शिक्षकों ने भाग लिया। गृहमंत्री ने इस अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]