स्वतंत्र आवाज़
word map

भाजपा का हर कार्यकर्ता अर्जुन है-अमित शाह

'एक-एक घुसपैठिये को भारत से बाहर निकाला जाएगा'

मेरठ में उ.प्र भाजपा कार्यसमिति की बैठक का समापन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 12 August 2018 11:48:21 PM

meeting of upper bjp working committee meeting in meeruth

मेरठ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मेरठ में उत्तर प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति बैठक के समापन सत्र में कहा है कि विपक्ष का महागठबंधन सत्ता के स्वार्थ के लिए किया गया एक झूंठा और बेमेल गठबंधन है, जो भारतीय जनता पार्टी के लिए कोई चुनौती नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भले ही सपा, बसपा और कांग्रेस एक साथ क्यों न आ जाएं, हमारी सीटें 73 से 74 होंगी, 72 नहीं बल्कि हम सभी 74 सीट जीतने का लक्ष्य सामने रखकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गरीब कल्याण संबंधी उपलब्धियों, उत्तर प्रदेश की क़ानून व्यवस्था में सुधार, भारतीय जनता पार्टी की 1 करोड़ 80 लाख की सदस्यता और केंद्र में नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व के बल पर भारतीय जनता पार्टी पुनः उत्तर प्रदेश राज्य में विजयश्री हासिल करेगी। मेरठ के सुभारती विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम में भाजपा उत्तर प्रदेश की कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक का आज अमित शाह के इस विश्वास और आत्मविश्वास के साथ समापन हो गया।
अमित शाह ने कहा कि महाभारत में पहले 5-6 दिन के नतीजे कुछ भी हों लेकिन 18वें दिन जीतना अर्जुन को ही है और भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता अर्जुन है। उन्होंने कहा कि असम में एनआरसी पर कांग्रेस, सपा और बसपा का रवैया बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है, एनआरसी का विरोध करके सपा, बसपा, कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एनआरसी को संवैधानिक तरीके से लागू करने के पक्ष में है और एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुनकर भारत देश से बाहर निकाला जाएगा। उन्होंने किसानों और चौधरी अजित सिंह के गढ़ में नरेंद्र मोदी सरकार के किसानों के उत्‍थान के लिए किए गए कार्यों का भी सिलसिलेवार उल्लेख किया और कहा कि किसानों की आय को दुगुना करने की दिशा में मोदी और योगी सरकार सतत प्रयत्नशील है जैसे कि इस दिशा में कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर नरेंद्र मोदी ने समतामूलक समाज की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाया है।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार के कार्यों की जोरदार प्रशंसा करते हुए कहा कि सुशासन की राजनीति देने के लिए ही उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार का गठन हुआ है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने क़ानून व्यवस्था से लेकर विकास और किसानों को राहत देने तक सभी मामलों में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जिनके परिणाम अब धरातल पर दिखने लगे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सुशासन और विकास देश की राजनीति का मुख्य आधार बने, इसके लिए सभी पार्टियों के सांसदों और विधायकों को मिलकर काम करना चाहिए। अमित शाह ने कहा कि 14वें वित्त आयोग में मोदी सरकार ने उत्तर प्रदेश के विकास के लिए लगभग 8 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, जो सोनिया-मनमोहन की कांग्रेस सरकार की तुलना में लगभग 5 लाख करोड़ रुपये अधिक हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संगठन चुनाव में 51 प्रतिशत मत प्राप्त कर सफलता प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा फसलों का समर्थन मूल्य डेढ़ गुना किया जाना किसानों के हित में एक बड़ा कदम है, प्रधानमंत्री ने वर्षों से लंबित किसानों की समस्याओं को हल करने का काम किया है।
अमित शाह ने कहा कि 1955 से ही देश का पिछड़ा वर्ग ओबीसी कमीशन को संवैधानिक मान्यता देने की मांग कर रहा था, लेकिन आजादी के 70 साल तक कांग्रेस की सरकारों ने इसे लटकाए रखा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ओबीसी कमीशन को संवैधानिक मान्यता देने वाले विधेयक को पिछले सत्र में भी लेकर आई थी, लेकिन कांग्रेस, सपा और बसपा ने वोट बैंक की राजनीति के कारण इस महत्वपूर्ण विधेयक को राज्यसभा में अटका दिया था। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के दृढ़संकल्प के कारण इस सत्र में यह विधेयक दोनों सदनों से पारित हो सका है इस प्रकार देश के करोड़ों पिछड़े वर्ग के लोगों को उन्हें सम्मान के साथ जीने का अधिकार प्राप्त हो गया है। अमित शाह ने कहा कि हमारा स्पष्ट मानना है कि देश के संसाधनों पर देश के ही नागरिकों का अधिकार होना चाहिए, पड़ोसी देशों से हिंदू, सिख, जैन आदि विशेष समुदाय के लोग यदि धार्मिक प्रताड़ना के कारण भारत में आते हैं तो उन्हें शरणार्थी का दर्जा दिया जाएगा, लेकिन घुसपैठियों को बाहर निकालने के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार कड़े कदम उठाएगी। उन्होंने भाजपा के सांसदों और विधायकों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश निवेश की दृष्टि से देश के महत्वपूर्ण डेस्टिनेशन के रूपमें स्थापित हुआ है।
भाजपा कार्यकारिणी की बैठक के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले समय में सुशासन और विकास देश की राजनीति का मुख्य आधार बने, इसके लिए सभी पार्टियों के सांसदों और विधायकों को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चाहे यूपी में रेलवे के विकास की बात हो अथवा विद्युतीकरण के क्षेत्र में हुए कार्य हों, केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी है, यही वजह है कि आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पलायन रुक गया है, कानून व्यवस्था के मोर्चे पर आज प्रदेश की स्थिति में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी के सभी सदस्य यह संकल्प लेकर जाएं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं को लोगों के बीच लेकर जाएंगे और भव्य भारत के निर्माण में पूरी निष्ठा और मनोयोग के साथ कार्य करेंगे। बैठक को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, लक्ष्मीकांत बाजपेयी, सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह एवं भाजपा के अनेक महत्वपूर्ण नेताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा, कानून मंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा नेता कलराज मिश्र आदि मंत्री मौजूद थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]