स्वतंत्र आवाज़
word map

विकास में रोड़े अटकाए जा रहे हैं-शाह

भारत की विदेश नीति को अंतर्राष्ट्रीय मान्यता

उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार बनना जरूरी

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 13 June 2016 07:26:47 AM

bjp national president amit shah in allahabad

इलाहाबाद। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए कहा है कि कच्छ से गोवाहाटी और कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश की जनता ने अपना समर्थन देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार के दो वर्ष के कामकाज पर अपनी मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा कि असम सहित देश के अन्य चार राज्यों में हाल ही में हुए चुनावों के नतीजे भारतीय जनता पार्टी के आने वाले दिनों का शुभ संकेत हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक छवि की अमिट छाप जनमानस पर स्पष्ट रूप से दिखाई पड़ती है, दो वर्ष के कार्यकाल में हमने यह सिद्ध किया है कि वैज्ञानिक तरीके से जनता की समस्याओं का समाधान कैसे किया जाता है और जनादेश का सम्मान करते हुए उसका हिसाब देश की जनता को देना हमारी गौरवमयी परंपरा रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि दो साल के कार्यकाल में हमपर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है, यहां तक कि हमारे विरोधी भी हमपर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सके हैं, घोटाले और भ्रष्टाचार कांग्रेस की यूपीए सरकार के पर्याय बन गए थे, यूपीए सरकार के समय लगभग 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक के घपले हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमने देश को यूपीए सरकार के समय की नीतियों को पैरालिसिस की स्थिति से बाहर निकाला है, हमने गांव और शहर के विकास के बीच संतुलन स्थापित किया है, हमने यह करके दिखाया है कि रिफॉर्म्स और जन-कल्याण कैसे साथ-साथ किए जा सकते हैं, हमने संस्कृति और व्यापार को अपनी विदेश नीति का महत्वपूर्ण अंग बनाया है। उन्होंने कहा कि हमारा विकास सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशिक है। अमित शाह ने कहा कि देश के गरीबों के आंसू पोछने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने किया है। स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा बैंक के माध्यम से हमने स्वरोज़गार के जरिए बेरोज़गारी की समस्या का समाधान किया है। उन्होंने कहा कि नमामि गंगे, स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और योग दिवस निरामय भारत के निर्माण की दिशा में उठाए गए महत्वपूर्ण कदम हैं।
अमित शाह ने कहा कि पूरी दुनिया मानती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 21वीं सदी भारत की सदी है और आर्थिक मोर्चे पर विभिन्न क्षेत्रों में पिछले वर्ष हमने सफलता के कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि हमने जीडीपी को एक मानवीय दृष्टिकोण देने का प्रयास किया है, भारत 7.6% विकास दर के साथ चीन को पछाड़ कर विश्व की सबसे तेज़ गति से विकास करने वाली अर्थव्यवस्था बन चुका है, पिछली तिमाही में 7.9% की विकास दर हासिल की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं और विभिन्न इंटरनेशनल कंपनियों के सीईओ से उनकी बातचीत के मद्देनज़र देश में एफडीआई में रिकॉर्डतोड़ वृद्धि हुई है और निवेशकों का भरोसा भारत में बहाल हुआ है। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब और अफगानिस्तान दो मुस्लिम देशों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान कई मायनों में ऐतिहासिक है, यह उनकी नई विदेश नीति की अंतर्राष्ट्रीय मान्यता और बढ़ती सराहना को दर्शाता है। अमित शाह ने कहा कि चाबहार पोर्ट के माध्यम से हमने ग्वादर का विकल्प दिया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कालेधन पर नकेल कसने के लिए नरेंद्र मोदी सरकार कृतसंकल्पित है और इसको लेकर प्रधानमंत्री ने शीर्ष स्तर पर स्विट्जरलैंड सहित कई देशों के राष्ट्र प्रमुखों से चर्चा कर सूचना के आदान-प्रदान को सुलभ बनाया है और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग की नींव रखी है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी कांग्रेस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान देश के 125 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार क्षीण होती जा रही है, संसद में देश के विकास कार्यों में रोड़े अटकाने का जो प्रयास कांग्रेस लगातार कर रही है, यह इसी का नतीजा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की निर्बलता भारतीय जनता पार्टी की ताकत कभी नहीं बन सकती, हमारी ताकत हमारी विचारधारा का विस्तार, मजबूत संगठन और हमारे नेताओं का अच्छा आचरण है। उन्होंने कहा कि राजनैतिक विद्वेष से प्रेरित होकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के ऊपर केरल और पश्चिम बंगाल में हमले किए जा रहे हैं, भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा पूरे देश के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि भारत में हिंसा का कोई स्थान नहीं हो सकता, कार्यकर्ता इस प्रकार की हिंसा को राज्यों से उखाड़ फेंकने के लिए तैयार हो जाएं, हम अपने कार्यकर्ताओं के साथ हैं।
अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास के बिना देश का विकास संभव ही नहीं है, यदि उत्तर प्रदेश का ग्रोथ रेट डबल डिजिट में पहुंचा तो निश्चित रूप से देश का ग्रोथ रेट भी डबल डिजिट में होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में क़ानून-व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर है, राज्य में सर्वत्र भूमाफिया का आतंक कायम हो चुका है, पुलिस अधिकारियों पर हमले हो रहे हैं, यह काफी गंभीर स्थिति है, मथुरा की घटना इसका ज्वलंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कैराना से नागरिकों का पलायन चिंता का विषय है, उत्तर प्रदेश की स्थिति को राज्य की अखिलेश सरकार संभाल नहीं सकती, इसके लिए राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बननी जरूरी है। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम हर तरह की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम हैं, उत्तर प्रदेश देश की जनता ने भाजपा की सरकार बनाने का मन बना लिया है, हमारे कार्यकर्ता भी पूरे जोश के साथ तैयार हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]