परीक्षा प्रबंधन में कोई भी गड़बड़ी रोकने के बहुस्तरीय प्रयास तेज
सुझाव प्रेषित करने की अंतिम तिथि 13 सितंबर 2026 हैस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 29 August 2026 12:49:19 PM
नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की परीक्षाओं सहित सार्वजनिक परीक्षाओं के संचालन, इन्हें सुरक्षित रूपसे संपन्न कराने, प्रशासनिक उपायों की समीक्षा और व्यापक सिफारिश केलिए नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में बने उच्चस्तरीय कार्यबल ने परीक्षा सुधार केलिए सुझाव आमंत्रित किए हैं। यह कार्यबल संस्थागत प्रणालियों और प्रक्रियाओं को सुदृढ़ बनाने, परीक्षाओं की सत्यनिष्ठा और इन्हें सुरक्षित रूपसे संचालित करने केलिए उपयुक्त प्रौद्योगिकियों के इस्तेमाल, परीक्षा आधारिक संरचना बढ़ाने, सुलभता, समावेशिता को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के हित संबंधी उपायों की गहन विवेचना कर रहा है। इसका उद्देश्य एक सुदृढ़, सुरक्षित, पारदर्शी, न्यायसंगत और भविष्योन्मुखी सार्वजनिक परीक्षा प्रणाली विकसित करना है।
उच्चस्तरीय कार्यबल ने इस मामले में हितधारकों के अनुभव, ज्ञान और दृष्टिकोण को अत्यंत उपयोगी मानते हुए विद्याथियों और उम्मीदवारों, अभिभावकों, शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों, परीक्षा आयोजित करने और परीक्षा सामग्री जारी करने वाली संस्थाओं, विषय विशेषाज्ञों और प्रौद्योगिकी पेशेवरों, उद्योग संगठनों, नागरिक समाज संगठनों और संबंधित हितधारकों के सुझाव जरूरी समझे हैं। सुझाव सार्वजनिक परीक्षाओं को सुरक्षित रूपसे संचालित करना, परीक्षा की संरचना और मूल्यांकन पद्धति, शासन, दायित्व और संस्थागत व्यवस्था, परीक्षाओं में कदाचार की रोकथाम, पता लगाना और उनका निवारण, सुरक्षित कंप्यूटर आधारित परीक्षा सहित प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल परीक्षा अवसंरचना निर्माण और उन्नयन, सामाजिक आर्थिक क्षेत्रीय और भाषाई समूहों में बेहतर पहुंच केलिए समावेशी परीक्षा ढांचा, पारदर्शिता शिकायत निवारण और हितधारकों केसाथ संचार, समूची परीक्षा प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों के हित को बढ़ावा देने के उपाय, परीक्षा प्रणाली बेहतर बनाने संबंधी अन्य उपायों से संबंधित हो सकते हैं।
हितधारकों से अनुरोध किया गया हैकि वे 13 सितंबर 2026 तक अपने सुझाव प्रस्तुत कर दें, सुझाव भेजने के माध्यम हैं-वेबसाइट https://examreforms-taskforce.dopt.gov.in फ़ोन नंबर 1800-180-4747 WhatsApp: hptf +917827042830 पर भेजें या https://wa.me/917827042830?text=hptf पर क्लिक करें। ईमेल-examreformstaskforce@dopt.gov.in, सुझाव अंग्रेजी, हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं में भेजे जा सकते हैं। सार्वजनिक परामर्शों से प्राप्त सुझाव उच्चस्तरीय कार्यबल-एचपीटीएफ को सरकार को भेजने वाली सिफारिशें तैयार करने में सहायक होंगे। एचपीटीएफ सभी हितधारकों से सक्रिय, रचनात्मक और व्यापक भागीदारी की उम्मीद करता है। अधिक जानकारी और सुझाव केलिए https://examreforms-taskforce.dopt.gov.in लिंक पर क्लिक करें। सुझाव भेजने की अंतिम तिथि 13 सितंबर 2026 है।