स्वतंत्र आवाज़
word map

उत्तर प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय ट्रेड शो शुरू

यूपी के उत्पादों को देश-विदेश पहुंचाने की सराहनीय पहल

राष्ट्रपति ने किया उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय ट्रेड शो का शुभारंभ

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 22 September 2023 01:20:57 PM

uttar pradesh international trade show starts

ग्रेटर नोएडा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा हैकि उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी उत्तर प्रदेश के उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने केलिए एक स्वागत योग्य कदम है। राष्ट्रपति ने ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय ट्रेड शो का शुभारंभ करते हुए प्रतिभागियों को बधाई दी और ट्रेड शो को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने उत्तर प्रदेश के विकास को निरंतर ऊर्जा तथा दिशा प्रदान करने केलिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी पूरी टीम की सराहना भी की। राष्ट्रपति ने कहाकि इसी वर्ष फरवरी में उन्होंने यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भाग लिया था और उन्हें बताया गया हैकि इस समिट में उत्तर प्रदेश सरकार को बहुत बड़े पैमाने पर पूंजी निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनको मूर्तरूप देने केलिए राज्य सरकार अनेक प्रयास कर रही है, जिनकी सफलता केलिए सरकार को शुभकामनाएं! राष्ट्रपति ने कहाकि उन्हें बताया गया हैकि इस ट्रेड शो में 2000 से अधिक निर्माता अपने उत्पादों को प्रदर्शित कर रहे हैं, स्थापित औद्योगिक घरानों से नए उद्यमियों तक विभिन्न श्रेणियों के उद्यमियों के उत्पाद यहां उपलब्ध हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहाकि प्रसन्नता की बात हैकि विभिन्न देशों के दूतावासों के प्रतिनिधि भी यहां उपस्थित हैं, जिनके माध्यम से यहां के उत्पादों की वैश्विक बाजार तक पहुंच बनाने का रास्ता सुगम हो सकेगा। राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त कियाकि यह ट्रेड शो उत्तर प्रदेश के निर्माताओं एवं उद्यमियों केलिए राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजार तथा अपनी पहुंच और पकड़ बनाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा, उत्तर प्रदेश ने पिछले छह-सात वर्ष में देश के आर्थिक विकास को अपना विशिष्ट योगदान दिया है। उन्होंने कहाकि उन्हें बताया गया हैकि राज्य की जीडीपी जो वर्ष 2016-17 में लगभग 13 लाख करोड़ रुपये थी, वह वर्ष 2022-23 में करीब 22 लाख करोड़ रुपये अनुमानित है, आर्थिक विकास की यह उपलब्धि निस्संदेह सराहनीय है। उन्होंने कहाकि हाल के वर्षों में उत्तर प्रदेश सरकार ने आर्थिक विकास तथा निवेश में वृद्धि हेतु कई कदम उठाए हैं, निवेश के अवसरों को सरल बनाने, व्यापार को सुगम बनाने और बुनियादी ढांचे के विकास को गति देने के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश अब देश में सबसे तेजीसे बढ़ती राज्यस्तर की अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है।
राष्ट्रपति ने कहाकि राज्यों के स्तर पर ऐसे उत्कृष्ट आर्थिक प्रदर्शन के बलपर ही भारत की अर्थव्यवस्था को विश्व की सबसे तेज गति से विकसित हो रही बड़ी अर्थव्यवस्था माना जाता है, आज भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का स्थान प्राप्त करने केलिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहाकि इस राष्ट्रीय संकल्प को सिद्ध करने में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। उन्होंने जिक्र कियाकि यूपी ने अपनी अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक बढ़ाने का संकल्प लिया है और आशा जताई कि भारत के 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य में यूपी सरकार और यहां के लोग महत्वपूर्ण योगदान देंगे। राष्ट्रपति ने कहाकि 96 लाख से अधिक एमएसएमई केसाथ यूपी सभी राज्यों में पहले स्थान पर है, भूमि से घिरे राज्य होने के बावजूद उत्तर प्रदेश से निर्यात लगातार बढ़ रहा है। उन्हें जानकर खुशी हुईकि राज्य का निर्यात वर्ष 2017-18 के लगभग 88,000 करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2022-23 में लगभग 1,75,000 करोड़ रुपये हो गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बतायाकि जी20 नई दिल्ली नेताओं की घोषणा में स्थानीय मूल्य निर्माण और एमएसएमई के सामने आनेवाली चुनौतियों की पहचान करने एवं एमएसएमई को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जोड़ने का लक्ष्य शामिल किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त कियाकि उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी जी20 के लक्ष्यों के अनुरूप हमारी राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएगी। राष्ट्रपति ने कहाकि इस व्यापार प्रदर्शनी में एक जिला एक उत्पाद के विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन सराहनीय है, हस्तशिल्प आधारित उत्पादों केसाथ राज्य के युवा उद्यमी विशेषकर महिला उद्यमी भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने उद्यमिता और श्रम शक्ति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]