स्वतंत्र आवाज़
word map

भाजपा की प्रचंड विजय की ऐतिहासिक शपथ

प्रचंड राजनेता योगी आदित्यनाथ का दूसरी बार शपथ ग्रहण

हाईकमान के प्रिय ब्रजेश पाठक उप मुख्यमंत्री बनाए गए

Friday 25 March 2022 06:23:53 PM

सुषमा गौतम

सुषमा गौतम

pm congratulates yogi adityanath on becoming cm

लखनऊ। भारतीयों के हृदयसम्राट और देश की उज्जवल आशाओं के प्रतीक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों, भाजपाशासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, हजारों भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं, देश-विदेश के मीडिया की मौजूदगी में खचाखचभरे लखनऊ के भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम इकाना में भाजपा के प्रचंड राजनेता योगी आदित्यनाथ का आज दूसरी बार ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह हुआ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री पद की और केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। योगी आदित्यनाथ केसाथ 18 कैबिनेट मंत्रियों, 14 स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्रियों और 20 राज्यमंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इकाना स्टेडियम ही नहीं, अपितु पूरा उत्तर प्रदेश खासतौर से आज भगवामय था। भारत का तिरंगा, भाजपा और हिंदुत्व का झंडा लहराते लोग मोदी-योगी ज़िंदाबाद, वंदे मातरम्, भारतमाता की जय, जय श्रीराम का उद्घोष कर रहे थे। भाजपा सरकार बनने की खुशी में लोकगीत गायकों की टोलियों ने अपने परंपरागत परिधानों और वाद्ययंत्रों से शपथ ग्रहण समारोह को जोश से भररखा था। विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी गठबंधन को दूसरीबार धूल चटाने केबाद भाजपा के हौसले किस तरह बुलंद हैं, यह उत्तर प्रदेश की राजधानी और प्रदेश में लाइटिंग एवं भगवामय चौक-चौराहों पर उत्साह के रूपमें देखे जा रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में शपथ ग्रहण करने वाले अन्य मंत्री हैं-सुरेश खन्ना, सूर्यप्रताप शाही, स्वतंत्रदेव सिंह, बेबीरानी मौर्य, लक्ष्मीनारायण चौधरी, ठाकुर जयवीर सिंह, धर्मपाल सिंह, नंदगोपाल नंदी, भूपेंद्र सिंह चौधरी, अनिल राजभर, जतिन प्रसाद, राकेश सचान, अरविंद कुमार शर्मा, योगेंद्र उपाध्याय, आशीष पटेल और संजय निषाद। स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री हैं-नितिन अग्रवाल, कपिलदेव अग्रवाल, रविंद्र जायसवाल, संदीप सिंह, गुलाबो देवी, गिरीशचंद यादव, धर्मवीर प्रजापति, असीम अरुण, जेपीएस राठौर, दयाशंकर सिंह, नरेंद्र कश्यप, दिनेश प्रताप सिंह, अरुण कुमार सक्सेना, दयाशंकर मिश्र दयालु। राज्यमंत्री हैं-मयंकेश्वर शरण सिंह, दिनेश खटीक, संजीय गौंड, बलदेव सिंह औलख, अजीत पाल, जसवंत सैनी, रामकेश निषाद, मनोहरलाल 'मुन्नू कोरी', संजय गंगवार, बृजेश सिंह, केपी मलिक, सुरेश राही, सोमेंद्र तोमर, अनूप प्रधान 'वाल्मीकि', प्रतिभा शुक्ला, राकेश राठौर 'गुरु', रजनी तिवारी, सतीश शर्मा, दानिश आजाद अंसारी और विजयलक्ष्मी गौतम। राष्ट्रगान केसाथ शपथ ग्रहण समारोह का समापन हुआ। राज्य के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने शपथ ग्रहण समारोह का संचालन किया। कैबिनेट मंत्रियों को एक-एक करके और दो-दो स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्रियों एवं बाकी राज्यमंत्रियों को चार-चार के समूह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में इसबार कई पुराने मंत्रियों को शामिल नहीं किया गया है, इनमें मुख्यरूप से डॉ दिनेश शर्मा उपमुख्यमंत्री, सिद्धार्थनाथ सिंह, श्रीकांत शर्मा, रमापति शास्त्री, सतीश महाना, नीलकंठ तिवारी आदि शामिल हैं, सतीश महाना का नाम विधानसभा अध्यक्ष के रूपमें लिया जा रहा है। डॉ दिनेश शर्मा के स्थान पर ब्रजेश पाठक को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। ब्रजेश पाठक भाजपा सरकार में एक लोकप्रिय मंत्री और जनता से हमेशा जुड़े सशक्त ब्राह्मण चेहरा माने जाते हैं, इस कारण वे अपने हाईकमान की भी पसंद माने जाते हैं। सभी मंत्रियों ने एक-एककर वहां उपस्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आशीर्वाद प्राप्त किया। योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में न केवल सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन स्थापित किया गया है, अपितु भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय में नारी शक्ति के योगदान का विशेष ध्यान रखा गया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में यह स्पष्टतौर पर देखा गया हैकि केंद्र और राज्य सरकार की गरीबों को प्रदान की गईं बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था का भाजपा को जबरदस्त लाभ पहुंचा है। महिलाओं को योगी सरकार में अपनी सुरक्षा का एहसास हुआ और संकटकाल में उनको घर, राशन-पानी भी भाजपा को महिलाओं के जबरदस्त वोट का कारण बना है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव, मायावती और अखिलेश यादव आमंत्रण के बावजूद शपथ ग्रहण में नहीं आए।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी, अनुप्रिया पटेल, नितिन गडकरी, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, रामदास अठावले, वीके सिंह, चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, राधामोहन सिंह, प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, साध्वी निरंजन ज्योति, महेंद्रनाथ पांडेय, पूर्व राज्यपाल राम नाईक, सभी भाजपाशासित राज्यों के मुख्यमंत्री, साधु-संत, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों को बधाई दी और मुख्यमंत्री एवं मंत्री, राज्यमंत्री के रूपमें उनकी सफलताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। शपथ ग्रहण में यह भी चर्चा रहीकि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय और इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह से लोकसभा चुनाव का भी खाका तैयार हो गया है और ऐसा ही इस शपथ ग्रहण समारोह का आगाज़ भी था। 

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]