स्वतंत्र आवाज़
word map

डॉ शैलेंद्र सिंह को राम नाईक की बधाई!

'डॉ शैलेंद्र सिंह का जैवविविधता पर अनुकरणीय कार्य'

डॉ शैलेंद्र सिंह को नोबेल जैसा बेहरल सम्मान मिला है

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 18 October 2021 05:53:48 PM

dr. shailendra singh has received nobel-like behral honor

लखनऊ। लखनऊ के डॉ शैलेंद्र सिंह का कछुआ संरक्षण क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार के समान माने जानेवाला बेहलर पुरस्कार प्राप्त करने पर उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने बधाई दी है और उनका अभिनंदन किया है। टर्टल सर्वाइवर एलांयस इंडिया के निदेशक डॉ शैलेंद्र सिंह को हालही में अंतर्राष्ट्रीय ‘बेहलर कछुआ संरक्षण अवार्ड’ प्राप्त हुआ है, जो इस क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार के समान माना जाता है। यह समाचार प्राप्त होते ही एक विशेष अभिनंदन-पत्र से पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने डॉ शैलेंद्र सिंह को तथा टर्टल सर्वाइवर एलांयस इंडिया के उनके सभी साथियों को बधाई दी है।
राम नाईक ने बताया कि उत्तर प्रदेश के राज्यपाल होने के दौरान टर्टल सर्वाइवर एलांयस और डॉ शैलेंद्र सिंह के कार्य से उनका परिचय हुआ था, देश के कछुओं की 18 प्रजातियों का संरक्षण तथा संवर्धन करने का काम डॉ शैलेंद्र के नेतृत्व में टर्टल सर्वाइवर एलांयस कर रहा है, इनमें से कई प्रजातियों का तो नामशेष होने का डर है और माना जाता है कि टर्टल सर्वाइवर एलांयस ही इन कछुओं की आखरी उम्मीद है। पूर्व राज्यपाल ने कहा है कि कछुआ और घड़ियाल जैसी जैवविविधता और पर्यावरण के संरक्षण का टर्टल सर्वाइवर एलांयस का काम निश्चित ही सराहनीय है, उत्तर प्रदेश सरकार और टर्टल सर्वाइवर एलांयस के बीच हुए करार के अनुसार यह कार्य विगत कुछ वर्ष से चल रहा है। डॉ शैलेंद्र सिंह को राम नाईक ने बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि उनको मिले इस सम्मान के कारण पूरे देश का ध्यान उनके इस अनोखे कार्य की ओर आकर्षित होगा और उनके संरक्षण कार्य को बढ़ावा मिलेगा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]