स्वतंत्र आवाज़
word map

पशु-पक्षियों के संरक्षण के लिए पहल

देशभर में चलाया जाएगा एयर गन सरेंडर अभियान

पशु और पक्षियों का शिकार न करें-राज्यमंत्री

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 24 September 2021 02:42:56 PM

air gun surrender campaign to be conducted across the country

ईटानगर। केंद्रीय वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने लोगों से पशु-पक्षियों का शिकार न करने की अपील करते हुए कहा है कि देशभर में एयर गन सरेंडर अभियान चलाया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि इस अभियान में सेवानिवृत्त वनकर्मियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों इत्‍यादि को जोड़कर इसे तेजगति प्रदान की जाएगी। राज्यमंत्री ने अरुणाचल सरकार के एयर गन सरेंडर अभियान को पशुओं एवं पक्षियों को अवैध शिकार से बचाने और उनके संरक्षण की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए अभियान केलिए अरुणाचल प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री मामा नटुंग को बधाई दी।
राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि अभियान के परिणाम अत्‍यंत सकारात्मक रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि देशभर में यह अभियान शुरु किया जाएगा और इसके लिए राज्यों से भी अनुरोध किया जाएगा। ईटानगर में आयोजित एक कार्यक्रम में अरुणाचल प्रदेश के कुछ लोगों ने केंद्रीय राज्यमंत्री के समक्ष अपने एयर गन सरेंडर किए। उन्होंने कहा कि एयर गन केलिए किसी लाइसेंस की आवश्यकता नहीं होती है, अत: ऐसी स्थिति में हमारे देश में हर जिले और गांव में अनगिनत लोग एयर गन के जरिए पक्षियों का शिकार करते रहते हैं, इस वजह से अनेक पक्षियों की संख्या बड़ी तेजी से घट रही है। राज्यमंत्री ने एयर गन सरेंडर करने वालों को सम्मानित किया। राज्यमंत्री ने ईटानगर जैविक उद्यान का भी निरीक्षण किया, जो दुनिया का पहला हूलोक गिब्बन प्रजनन केंद्र है और इसके साथ ही इस प्रजाति को बचाने केलिए किए जा रहे ठोस कार्यों की समीक्षा की।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]