स्वतंत्र आवाज़
word map

यूपी स्थापना दिवस पर राम नाईक की बधाई!

उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के 'लोगो' का विमोचन भी किया

राम नाईक ने की सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यों की प्रशंसा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 23 January 2021 11:20:45 PM

former governor ram naik released the 'logo' of uttar pradesh foundation day

मुंबई/ लखनऊ। उत्तर प्रदेश के तत्कालीन राज्यपाल राम नाईक की पहल पर उत्तर प्रदेश में हर साल 24 जनवरी को मनाना शुरू किए गए उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर आज राम नाईक ने उत्तर प्रदेश वासियों को चौथे 'उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस' की बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। ध्यान रहे कि उत्तर प्रदेश में कभी भी उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस नहीं मनाया जाता था, उत्तर प्रदेश के तत्कालीन राज्यपाल राम नाईक ने मुंबई में मनाए जाते आ रहे उत्तर प्रदेश स्‍थापना दिवस की तरह यूपी में भी हर साल उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस मनाने के प्रयास किए, लेकिन समाजवादी पार्टी की तत्कालीन अखिलेश यादव सरकार ने इसमें कोई भी दिलचस्पी नहीं दिखाई, मगर जब उत्तर प्रदेश में भाजपा की योगी आदित्यनाथ सरकार आई तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल राम नाईक की पहल का स्वागत कर वर्ष 2018 से हर साल 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस मनाने का निर्णय लिया, तब से यूपी में बड़े आयोजन के रूपमें हर वर्ष 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस मनाया जाता है। कल चौथा उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस मनाया जाएगा।
राम नाईक ने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके सहयोगियों को भी उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई दी है। राम नाईक ने कहा है कि विगत वर्ष से पूरा विश्व करोना आपदाग्रस्त है, ऐसी कठिन स्थिति उत्तर प्रदेश की योगी सरकार डटकर सफलतापूर्वक मुक़ाबला करके विश्व के सन्मुख आदर्श व्यवस्थापन का नया आयाम प्रस्थापित किया है, जिसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बधाई के पात्र हैं। राम नाईक ने कहा कि प्रदेशवासियों को करोना से राहत मिली है तो दूसरी ओर योगी सरकार प्रदेश के लाखों ग़रीबों को आवास दे रही है। राम नाईक ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर योगी सरकार ने ‘एक जनपद एक उत्पाद’ की घोषणा की थी, जिसके अच्छे परिणाम दिखाई दे रहे हैं, अब इस वर्ष के उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर ‘हुनर हाट’ में राज्य के सभी जनपदों के परंपरागत हस्तशिल्पियों एवं कारीगरों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर दिया जा रहा है जो अत्यंत प्रसन्नता की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि ग़रीबों को नए घर मिलने और अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बनाने से प्रदेशवासियों को रामराज्य की अनुभूति प्राप्त होगी।
मुंबई में राम नाईक ने उत्तर प्रदेशवासियों के साथ उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस मनाया, जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के लिए विशेष प्रतीक चिन्ह यानी 'लोगो' का विमोचन किया। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि मुंबई में बहुत पहले से उत्तर प्रदेशवासियों में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस मनाया जाता है, जिसमें राम नाईक बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हैं। वे मुंबई और महाराष्ट्र के दूसरे हिस्सों में निवास करने वाले उत्तर प्रदेशवासियों में मिलनसार मृदु व्यवहार और परोपकारी गुणों के कारण एक लोकप्रिय राजनेता हैं। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल रहने के दौरान सर्वाधिक संख्या में उनसे मिलने आने वालों का भी एक रेकार्ड है। उन्होंने राज्य के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति के रूपमें उच्चशिक्षा में परीक्षा और शिक्षा सत्रों में सुधार और विश्वविद्यालयों में अनुशासन जैसे क्षेत्रों के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए। राम नाईक का आज भी उत्तर प्रदेश से अनुराग है और वे यहां के लोगों के संपर्क में बने रहते ‌हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]