स्वतंत्र आवाज़
word map

हिंदी का महत्‍व सर्वव्यापी है-राज्यमंत्री

देश की आज़ादी की लड़ाई में हिंदी की बड़ी भूमिका

केंद्रीय गृहमंत्रालय में हिंदी दिवस पर कार्यक्रम संपन्न

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 14 September 2020 05:13:19 PM

hindi diwas program in union home ministry

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आज नार्थ ब्लाक में हिंदी दिवस मनाया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि हिंदी ने आज़ादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और देश के एक बड़े हिस्से में हिंदी भाषा बोली जाती है, संविधान में राजभाषा का दर्जा प्राप्त होने के कारण हिंदी का महत्व और भी बढ़ जाता है। जी किशन रेड्डी ने कहा कि आज कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी और गुजरात से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक हिंदी भाषा के जानने, बोलने और समझने वाले मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि हमारे देश में अनेक भाषाएं बोली जाती हैं, लेकिन हिंदी की सर्वव्यापकता को देखते हुए संविधान निर्माताओं ने इसे 14 सितंबर 1949 को संघ की राजभाषा के रूपमें स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिंदी भाषा का प्रयोग कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कहते हैं कि भाषा की सरलता, सहजता और शालीनता अभिव्यक्ति को सार्थकता प्रदान करती है, हिंदी ने इन पहलुओं को खूबसूरती से समाहित किया है। नित्यानंद राय ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह कहते हैं कि भारतीय सभ्यता की अविरल धारा प्रमुख रूपसे हिंदी भाषा से जीवित और सरंक्षित हैं और हिंदी भाषा जीवन में व्यापकता लाती है। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री हिंदी भाषा को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप गृह मंत्रालय में अधिकतर कार्य हिंदी में हो रहा है। राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय हिंदी में कार्य करने के लिए नई तकनीकी विकसित कर रहा है। उनका कहना था कि हिंदी भाषा के प्रचार प्रसार में केंद्रीय सेवा के अधिकारियों की बहुत बड़ी भूमिका है।
गृह सचिव अजय भल्ला ने कार्यक्रम में कहा कि हिंदी हमारी राष्ट्रीय अस्मिता की पहचान है और देश की एकता में बड़ी भूमिका निभा रही है। गृह सचिव अजय भल्ला ने कहा कि आज मीडिया के विभिन्न माध्यमों से हिंदी का प्रयोग बढ़ा है, जिससे देश के अलग-अलग हिस्सों में हिंदी संपर्क भाषा और बोलचाल की भाषा के रूपमें अधिक समृद्ध हुई है। अजय भल्ला ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में गृह मंत्रालय अधिक से अधिक कार्य हिंदी में कर रहा है और निरंतर इस दिशा में प्रगति हो रही है। गृहमंत्रालय के राजभाषा विभाग के सचिव सुमीत जैरथ ने कहा कि सभी भाषाएं मणि के समान हैं और हिंदी उनके बीच मुकुट मणि के रूपमें शोभायमान है। उन्होंने कहा कि राजभाषा नीति प्रेरणा, प्रोत्साहन और सद्भावना पर आधारित है, इसलिए हिंदी दिवस के दिन मैं सभी से अनुरोध, आग्रह और आवाहन करना चाहूंगा कि सभी भाषाओं का सम्मान करते हुए अधिक से अधिक सरकारी काम मूल रूपसे हिंदी में करें। इस मौके पर राजभाषा विभाग की प्रकाशित पत्रिका राजभाषा भारती का विमोचन भी किया गया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]