स्वतंत्र आवाज़
word map

'अंतर्राष्ट्रीय जल क्षेत्रों में फंसे नाविकों को शीघ्र लाएंगे'

बंदरगाहों पर नाविकों की आवाजाही को आसान करने के निर्देश दिए

केंद्रीय जहाजरानी राज्यमंत्री ने नाविक संघों को आश्वस्त किया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 28 April 2020 04:20:09 PM

minister of state for shipping mansukh mandaviya

नई दिल्ली। भारत सरकार में जहाजरानी राज्यमंत्री मनसुख मांडविया ने भारतीय बंदरगाहों पर चालक दल के सदस्यों को बदले जाने और अंतर्राष्ट्रीय जल क्षेत्रों में ड्यूटी कर रहे या लॉकडाउन की वजह से जहां-तहां फंसे भारतीय चालक दल के सदस्यों की स्थिति का आकलन करने के लिए जहाजरानी कंपनियों, समुद्री परिवहन संघों और नाविकों के यूनियनों के साथ वीडियो कॉंफ्रेंस के माध्यम से बात की। मनसुख मांडविया ने भविष्य में निकासी योजना के लिए अंतर्राष्ट्रीय जल क्षेत्रों में फंसे भारतीय नाविकों का विवरण उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने विभिन्न नाविक संघों को आश्वस्त किया है कि जैसे ही स्थिति अनुकूल होगी, इन नाविकों को शीघ्र निकालने की व्यवस्था की जाएगी।
जहाजरानी राज्यमंत्री मनसुख मांडविया ने आपूर्ति श्रृंखला बनाए रखने में जहाजों पर काम कर रहे चालक दल के सदस्यों के महत्व को स्वीकार करते हुए इनके समक्ष मौजूद चुनौतियों का उल्लेख किया है और कोरोना महामारी से निपटने कह परीक्षा की घड़ी में उनके काम की सराहना भी की है। उन्होंने जहाजरानी मंत्रालय के अधिकारियों को भारतीय बंदरगाहों पर नाविकों की आवाजाही की प्रक्रिया को आसान बनाने के निर्देश भी दिए। वीडियो कॉंफ्रेंस में इंडियन नेशनल शिप ओनर्स एसोसिएशन, राष्ट्रव्यापी नौवहन एजेंसियों के समुद्री संगठन, नेशनल यूनियन ऑफ सीफेसर्स ऑफ इंडिया, द इंडियन मेरीटाइम फाउंडेशन, द मेरीटाइम यूनियन ऑफ इंडिया और द मेरीटाइम एसोसिएशन ऑफ शिप ओनर्स शिप मैनेजर एंड एजेंट जैसे संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]