स्वतंत्र आवाज़
word map

सिरसागंज में सर्वधर्म सामूहिक विवाह

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

सर्वधर्म सामूहिक विवाह-religion mass marriage

फिरोजाबाद। सिरसागंज में त्रिनेत्र सेवा संस्थान की जन कल्याणम् संस्था के सर्वधर्म सामूहिक विवाह समारोह में 43 हिंदू और 8 मुस्लिम युवक युवतियां परिणय बंधन में बंध गए। दोनों ही वर्गों के जोड़ों के लिए उनके रीति-रिवाजों के अनुकूल व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं। एक तरफ मौलवी साहेबान ने निकाह की रस्म अदायदगी कराई तो दूसरी ओर पंडितजी ने मंत्रोच्चार के माध्यम से फेरे और पाणिग्रहण संस्कार कराया। फिरोजाबाद और मैनपुरी के गांवों के इन गरीब, दलित और बेसहारा जोड़ों को शासन की विवाह योजना के तहत 10-10 हजार रूपये के चैक भी प्रदान किये गये।

सामूहिक विवाह समारोह में भारी संख्या में लोग पहुंचे। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री जयवीर सिंह, फिरोजाबाद कोआपरेटिव बैंक की अध्यक्ष रीता सिंह, जनकल्याणम् के अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह सहित प्रमुख हस्तियां इस कार्यक्रम में शामिल हुईं। फिरोजाबाद के जिला जज, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित प्रशासन के प्रमुख अधिकारी इस मौके पर मौजूद थे। जिलाधिकारी दिनेशचंद्र शुक्ल ने समारोह के लिए चयनित समय को विशिष्ट बताया तो एसपी उदय प्रताप सिंह ने कहा कि यह समारोह अनुकरणीय है। समारोह में दिल्ली से आए एडीशनल कमिश्नर कस्टम आलोक सिंह, अखिल भारतीय विकास समिति के अध्यक्ष मैनपाल सिंह राघव और उद्योगपति बीएन गौर, गुंजन ग्रुप के चेयरमैन सुमित प्रताप सिंह सहित कई वक्ताओं ने सर्वधर्म सामूहिक विवाह समारोह को पुनीत कार्य बताते हुए इसमें राज्यमंत्री जयवीर सिंह के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

सिरसागंज में धर्मशाला से लेकर इंटर कालेज तक सजे संवरे लोग, स्त्रियां और बच्चों की टोलियां आती-जाती दिखीं। निर्धारित समय से कुछ विलंब से बारात का विशाल जूलूस शुरू हुआ। बारात मार्ग में नगरवासियों ने घरों की छतों से पुष्पवर्षा कर लोगों में उल्लास भर दिया। आतिशबाजी के जोरदार प्रदर्शन का बच्चों और युवाओं ने आनंद लिया। नगरवासियों ने बारात का अभूतपूर्व स्वागत करते हुए बारातियों को फूल-मालाओं और पगड़ियों से लाद दिया। सामूहिक द्वाराचार, वरमाला, आर्शीवाद, फेरे और कन्यादान की रस्मों के समय रोमांचकारी दृश्य उपस्थित हुए। ग्रहस्थी शुरू करने के लिये आवश्यक घरेलू सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया गया। नगर और क्षेत्र के कई दानदाताओं ने भी आगे बढ़कर वस्त्र, बर्तन और विभिन्न भेंट जोड़ों को प्रदान कीं। दोनों पक्षों के लिये सामूहिक भोजन व्यवस्था थी। समारोह के अतिथि प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री जयवीर सिंह ने आयोजन से जुडे लोगों के प्रयास की प्रशंसा की। उपहार और भोजन ग्रहण करने के बाद सभी लोग हंसीखुशी विदा हो गये।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]