स्वतंत्र आवाज़
word map

अरविंद सिंह ने सोनिया गांधी को पुस्तक भेंट की

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

अरविंद-किताब/arvind-book

इलाहाबाद। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन और कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी को इलाहाबाद आगमन पर वरिष्ठ पत्रकार और रेल मंत्रालय में परामर्शदाता अरविंद कुमार सिंह ने हाल में प्रकाशित अपनी 'डाक टिकटों पर भारत दर्शन' पुस्तक की प्रथम प्रति भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने सोनिया गांधी को यह भी जानकारी दी कि राष्ट्रीय स्वाधीनता आंदोलन में शामिल रहे और कांग्रेस के 278 नेताओं पर अब तक भारत में डाक टिकट जारी हो चुके हैं। इन सभी डाक टिकटों में पंडित जवाहर लाल नेहरू के निधन के बाद जारी डाक टिकट सबसे महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक था जो इलाहाबाद में ही उत्तर प्रदेश की तत्कालीन मुख्यमंत्री सुचेता कृपलानी ने जारी किया था। यह डाक टिकट दो करोड़ की संख्या में छपा था और आज तक दुनिया के किसी भी व्यक्तित्व पर इतनी बड़ी संख्या में डाक टिकट जारी नहीं हुए।

अरविंद कुमार सिंह की पुस्तक डाक टिकटों में भारत दर्शन में डाक टिकटों से संबंधित सभी पक्षों की महत्वपूर्ण जानकारियां देने के साथ-साथ देश के सभी प्रमुख फिलैटलिस्ट और फिलैटली संस्थाओं का भी यथासंभव विवरण दिया गया है। उनकी एक और पुस्तक भारतीय डाक भी नेशनल बुक ट्रस्ट ने हिंदी में प्रकाशित की है जिसका उर्दू, अंग्रेजी और असमिया भाषा में प्रकाशन किया जा चुका है। इसका एक खंड एनसीईआरटी ने आठवीं कक्षा के हिंदी पाठ्यक्रम वसंत भाग-3 में भी शामिल किया है। इस अवसर पर कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश के प्रभारी दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी, केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, श्रीप्रकाश जायसवाल, केंद्रीय राज्यमंत्री जतिन प्रसाद, आरपीएन सिंह, प्रदीप जैन आदित्य, इलाहाबाद शहर उत्तरी के विधायक अनुग्रह नारायण सिंह, सांसद रत्ना सिंह, सांसद डॉ संजय सिंह और कई महत्वपूर्ण हस्तियां मौजूद थीं।

अरविंद कुमार सिंह ने 1983 में इलाहाबाद में जनसत्ता के संवाददाता के रूप में अपना कैरियर शुरू किया था और 1986 के बाद दिल्ली में चौथी दुनिया, अमर उजाला में लंबे समय तक कार्य करने के बाद हरिभूमि के दिल्ली संस्करण के संपादक समेत कई पदों पर कार्य किया। राष्ट्रपति तथा अकादमी पुरस्कार समेत कई पुरस्कारों से सम्मानित अरविंद कुमार सिंह बीते ढाई सालों से रेल मंत्रालय में परामर्शदाता हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]