स्वतंत्र आवाज़
word map

कम लागत में जन सुविधाएं विकसित करें-गडकरी

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

नितिन गडकरी

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय नगरीय सुराज संकल्प सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा है कि निकाय संस्थाएं अपने संसाधनों का सही उपयोग करते हुए कम लागत में ज्यादा जनसुविधाओं का विकास कर सकती हैं। उन्होंने सिटी मांटेसरी स्कूल गोमती नगर लखनऊ के सभागार में देशभर के भाजपा शासित निगमों प्रतिनिधियों से कहा कि उन्हें अपने को आम आदमी से जोड़ते हुए विकास के कार्यक्रम और योजनाएं सुनिश्चित करनी चाहिएं। गडकरी ने देश-विदेश में चल रही ऐसी योजनाओं का जिक्र किया जो बेहतर जन सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं। गडकरी ने ऐसे विकास से दूर रहने को कहा है जैसा कॉमनवेल्थ गेम में हुआ है।
नितिन गडकरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही देश को भ्रष्टाचार मुक्त शासन दे सकती है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से बढ़कर कोई भी संपत्ति नहीं है और यदि सामूहिक रूप से विकास कार्य किए जाए तो उसके आशाजनक परिणाम सामने होंगे। उन्होंने कहा कि विकास की योजनाएं बनाते समय सभी वर्गों के लोगों के कल्याण की भावना और जिम्मेदारी सामने होनी चाहिए। गडकरी ने कहा कि इस प्रकार आमजनता का जुड़ाव होगा और भाजपा को भी राजनीतिक रूप से लाभ मिलेगा। गडकरी ने कहा कि जनता की समस्याओं की उपेक्षा करके राजनीतिक रूप से सफलता टिकाऊ नहीं होती है। उन्होंने बार-बार कहा कि जो जनता के करीब होंगे और अच्छे कार्य करेंगे उनको भाजपा में अवसर मिलने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने नागपुर और महाराष्ट्र में अपने विकास कार्यों की चर्चा भी की।
इससे पहले नितिन गडकरी ने सम्मेलन का उद्घाटन किया। सात सत्रों में चलने वाले इस दो दिवसीय सम्मेलन में स्थानीय निकाय में सुशासन व सुराज और निकायों की स्वायत्ता जैसे विषयों पर पहले दिन विस्तृत चर्चा हुई। सम्मेलन में भाजपा शासित राज्यों के नगरीय विकास मंत्री, देश भर के नगर निगमों में भाजपा के निर्वाचित महापौर, उपमहापौर और सदन के नेता सम्मिलित हुए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कलराज मिश्र, विनय कटियार, राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही, लखनऊ के सांसद लाल जी टण्डन सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता सम्मेलन में मौजूद थे। सम्मेलन को उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सूर्यप्रताप शाही समेत कई भाजपा नेताओं ने संबोधित किया और विकास कार्यक्रम पर प्रकाश डाला।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]