स्वतंत्र आवाज़
word map

गुजरात में नगर निगमों पर भाजपा जीती

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

गांधीनगर। गुजरात में भारतीय जनता पार्टी को नगर निकाय चुनाव में भारी सफलता मिली है। राज्य के छह प्रमुख नगर निगमों पर कब्जा कर उसने शानदार जीत दर्ज कराई है। भाजपा की इस जीत से कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है। चुनाव में भाजपा के खिलाफ जो मुद्दे उछाले गए थे उनका भाजपा के विजय अभियान पर कोई असर नहीं पड़ा। मुस्लिम बहुल इलाकों में भी भाजपा को जीत हासिल हुई जिससे पता चलता है कि गुजरात में मुसलमान उस तरह से भाजपा के खिलाफ नहीं है जिस तरह देश के बाहर प्रचार किया जा रहा है।
हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रमुख शहरों में सड़कों पर उतरकर खुशी मनाई, पटाखे छोड़े और नाचे-गाए। राज्य निर्वाचन आयोग ने पुष्टि की है कि भाजपा ने कांग्रेस को पराजित करते हुए अहमदाबाद, बड़ोदरा, राजकोट, सूरत, जामनगर और भावनगर, नगर निगमों पर कब्जा कर लिया। भाजपा ने पांच नगर निगमों में दो-तिहाई बहुमत से जीत दर्ज की है, जबकि जामनगर में दो-तिहाई बहुमत से मात्र तीन सीट पीछे रह गई है। छह नगर निगमों में कुल 555 सीटों में से भाजपा ने 441 पर कब्जा किया है, जबकि कांग्रेस 100 सीटों पर सिमट कर रह गई है। चुनाव में निर्दलीयों को मात्र 14 सीटें प्राप्त हो सकी हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार ई-वोटिंग में भी भाजपा ने छह शहरों में कुल पड़े 369 मतों में से 312 मत हासिल किए हैं। कांग्रेस को 37 वोट मिले और अन्य को 20 वोट। भाजपा ने अहमदाबाद में इस बार सीटों की संख्या में बढ़ोतरी की गई थी, जो कि 129 के मुकाबले 189 सीटें कर दी गई थीं। भाजपा ने सन् 2005 के 96 के मुकाबले इस बार 148 सीटें जीतीं। कांग्रेस 32 के मुकाबले केवल 38 सीटें ही जीतीं। सूरत में जहां इस बार सीटें 102 से बढ़ कर 114 हो गई थीं, भाजपा ने 90 के मुकाबले इस बार 98 सीटें जीतीं और कांग्रेस ने 11 के मुकाबले केवल 14 सीटें जीतीं।
राजकोट में भाजपा की सीट संख्या में कमी आई है। 2005 में भाजपा ने यहां 59 सीटें जीती थी, लेकिन इस बार वह 58 सीट ही जीत पाई। भावनगर में भाजपा 2005 के 39 सीटों मुकाबले इस बार 41 सीटें जीतने में सफल हुई। वड़ोदरा में उसकी सीट संख्या इस बार 76 से घट कर 61 पर आ गई। कांग्रेस की सीट संख्या वड़ोदरा में सात से बढ़ कर 11 हो गई। जामनगर में कांग्रेस के लिए संतोष देने वाली खबर है। वहां भाजपा की सीट संख्या 37 से घट कर 35 हो गई, जबकि कांग्रेस नौ सीटों से बढ़ कर 16 पर पहुंच गई। छह सीटें निर्दलीयों के हिस्से गई हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]