स्वतंत्र आवाज़
word map

सपा ने बंगाल में माहौल बनाया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

मुलायम सिंह यादव-mulayam singh yadav

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव का केवल वामपंथियों से दोस्ताना रिश्ता है। राजनीतिक आधार का जहां तक सवाल है तो वहां सपा का कुछ नही है। बंगाल के पूर्व मंत्री किरनमय नंदा ने कोलकाता में सपा की बैठक और सम्मेलन कराकर वहां सपा के लिए अच्छा माहौल बना दिया। मुलायम सिंह यादव ने सपा की बैठक और कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी विचारधारा से ही समता और सम्पन्नता स्थापित हो सकती है। पूंजीवाद, सामंतवाद एवं साम्प्रदायिक ताकतों का विकल्प समाजवाद में निहित है। मुलायम ने कहा कि दवा, पढ़ाई, रोजगार और मकान का संकट रहेगा तो नक्सलवाद पनपेगा उन्होंने यह भी कहा कि देश की सीमाओं पर खतरा है।
समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के अवसर पर पश्चिम बंगाल राज्य के समाजवादी कार्यकर्ता सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। इसके मुख्य अतिथि मुलायम सिंह यादव थे। कार्यक्रम में सांसद एवं उत्तर प्रदेश सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद नीरज शेखर, बलराम यादव, प्रदेश महासचिव ओमप्रकाश सिंह, जनमेजय ओझा, विधायक, विजय सिंह भदौरिया एवं राजेंद्र चौधरी आदि शामिल हुए। पश्चिम बंगाल सपा के प्रदेश अध्यक्ष विजय भदौरिया ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव का अभिनन्दन किया। राज्य सम्मेलन नेताजी इन्डोर स्टेडियम में हुआ। स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था। पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों से लगभग बीस हजार स्त्री-पुरूष आये थे। मुलायम सिंह यादव ने पश्चिम बंगाल राज्य सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए सर्वप्रथम विजय भदौरिया का अभिनन्दन के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सबको रोजगार का सपना कांग्रेस ने पूरा नहीं होने दिया। वार्ता और संवाद के जरिए नक्सलियों को राष्ट्र की मुख्यधारा में शामिल करना होगा। यादव ने कहा कि टैगोर, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस ने ज्ञान और क्रान्ति से राष्ट्र को रास्ता दिखाया था, आज फिर पश्चिम बंगाल का संदेश पूरे देश में फैलेगा। किरनमय नंदा ने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी को ताकतवर बनाने एवं उसके विस्तार में पश्चिम बंगाल मुलायम सिंह यादव के साथ है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]