स्वतंत्र आवाज़
word map

सूर्य प्रताप शाही ने हनुमान गढ़ी में माथा टेका

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

हनुमान गढ़ी में सूर्य प्रताप शाही-surya pratap shahi in hanuman garhi

अयोध्या।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने अयोध्या में भगवान श्रीरामलला के दर्शन कर भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर बनाने का संकल्प लिया। भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अयोध्या की उनकी यह पहली यात्रा थी। शाही ने इस मौके पर कांग्रेस की यात्रा को फ्लाप-शो बताते हुए कहा कि कांग्रेस की यात्रा में जनसामान्य ने भागीदारी नहीं की, इसी कारण कांग्रेस ने गर्मी का बहाना कर अपनी यात्रा स्थगित कर दी। उन्होंने कहा कि वे एक सप्ताह के भीतर प्रदेश के एक तिहाई जिलों का भ्रमण करेंगे और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करेंगे। शाही की स्वागत सभाओं में काफी भीड़ थी जिसे भाजपा ने भारतीय जनता पार्टी के बढ़ते जनाधार का प्रतीक बताया है।
सूर्य प्रताप शाही ने कारसेवकपुरम में कहा कि कांग्रेस के शासन में गरीबी बढ़ी है। लाखों की संख्या में अमीर बढ़े हैं। मध्यवर्ग पिस रहा है। सन् 2006 से देश में दस करोड़ नये गरीब बढ़े हैं दूसरी ओर 11,30000 नये करोड़पति बढ़े हैं। हजारों की संख्या में आत्महत्याएं और भूख से सैकड़ों मौते हुई हैं। इस मानवीय क्षति के पाप से कांग्रेस का स्वतः सर्वनाश हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वंशवाद की पोषक है। शाही ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सपा कभी भी समाजवादी नहीं रही, वो पहले जातिवादी थी और अब परिवारवादी हो गई है। बसपा मायावादी है जबकि भाजपा राष्ट्रवादी है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराध, ध्वस्त कानून व्यवस्था के लिये बसपा और सपा को दोषी ठहराया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भगवान श्रीरामलला के दर्शन के पश्चात् हनुमानगढ़ी दर्शन करने गये। प्रदेश मुख्यालय से अयोध्या तक रास्ते में उनका अनेक स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। स्थान-स्थान पर पुष्पवर्षा की। उनके साथ भाजपा के प्रदेश महामंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री डॉ महेंद्र सिंह, विधान परिषद सदस्य जयप्रकाश चतुर्वेदी, पंकज सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष दयाशंकर सिंह, कार्यालय सहप्रभारी लक्ष्मण सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी नरेंद्र सिंह राणा, प्रेस सचिव हीरो बाजपेयी, प्रदेश सहमीडिया प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव, दिनेश दुबे, संजय राय, हरीश दुबे, राजीव मिश्रा, अभिजात मिश्रा, साकेत शर्मा, प्रदीप भार्गव सहित बहुत से कार्यकर्ता उपस्थित थे।
सूर्य प्रताप शाही की प्रदेश में तूफानी यात्रा में भीषण गर्मी के बावजूद भारी भीड़ जुट रही है। भाजपा के प्रवक्ता हृदयनारायण दीक्षित ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अयोध्या के बाद वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने के पश्चात गोरखपुर की ओर भारी जनसमूह के साथ कूच किया। जगह-जगह पर उनका ऐतिहासिक स्वागत हो रहा है। प्रदेश अध्यक्ष वाराणसी, गाजीपुर, मऊ आदि जिलो से होते हुए गोरखपुर पहुंचे। दीक्षित ने बताया कि शाही 23 मई को गोरखपुर में प्रातः बाबा गोरखनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे, वहां वे महंत अवैधनाथ से आशीर्वाद भी लेंगे। शाही कुशीनगर होते हुए देवरिया पहुंचेंगे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]