स्वतंत्र आवाज़
word map

'पत्थरों वाले पार्को में अस्पताल, स्कूल, मकान बनाएंगे'

मुलायम ने बुक्कल नवाब के लिए वोट मांगें

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

मुलायम सिंह यादव-mulayam singh yadav

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने शनिवार को लखनऊ पश्चिम विधान सभा चुनाव क्षेत्र से उपचुनाव में समाजवादी पार्टी प्रत्याशी बुक्कल नवाब के पक्ष में बुनियाद बाग, कश्मीरी मोहल्ला में एक जनसभा में घोषणा की कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पत्थरों वाले बड़े-बड़े पार्को में अस्पताल, स्कूल और गरीबों के लिए मकान बनाए जाएंगे, आम जनता को आज जो तमाम परेशानियॉ हैं, उनसे समाजवादी पार्टी की जीत से ही निजात मिल सकेगी।
उन्होंने मतदाताओं से कहा कि उदासीनता हमारे लिए घातक है। अपना हक पाने के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करें। गांधीजी ने आजादी की लड़ाई लड़कर चुनाव में अपनी पसन्द का नुमाइंदा चुनने का मौका गरीबों को भी दिया है, इसका फायदा उठाना चाहिए। यादव ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वह इस बार उपचुनाव में समाजवादी पार्टी को जिताएं, सरकारी पार्टी को हरा दें इससे यह सरकार या तो सुधरेगी या फिर जाएगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार बुक्कल नवाब को जिताने की अपील की।
 मुलायम सिंह यादव ने कहा कि उन्होंने अपने मुख्यमंत्रित्वकाल में 10 लाख लोगों को रोजगार दिया था। साढ़े 6 लाख को सरकारी नौकरी दी, करीब साढ़े तीन लाख को अलग रोजगार मिला। अल्पसंख्यकों के फायदे की तमाम स्कीमें शुरू कीं। हमारा उद्देश्य समता और खुशहाली का रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार ने जनता की परेशानियॉ बढ़ाई हैं। मंहगाई, बेरोजगारी और बीमारी से लोग तबाह हैं। मुख्यमंत्री को नोट गिनने और जमीन पर कब्जे से फुर्सत नहीं। किसान भूख से मर रहे हैं। महिलाएं असुरक्षित हैं। दिल्ली की सरकार भी इस राज्य सरकार से मिली हुई है अन्यथा इस भूमाफिया की सरकार को बर्खास्त कर देती।
उन्होंने जनता से पूछा कि वह इस सरकार का एक भी ऐसा काम बता दे जो जनता के हित में किया गया हो। इसने छात्र, नौजवान, वकील, किसान, व्यापारी, महिलाएं सबको परेशान किया हुआ है। मुख्यमंत्री के यहां नोट गिनने की मशीन लगी है। पर्यावरण को बिगाड़ कर पत्थरों से लखनऊ को पाट दिया गया है। चुनावी सभा की अध्यक्षता सॉसद भगवती सिंह ने की। इसको सॉसद वीरेन्द्र भाटिया, डा मधु गुप्ता, सॉसद सुशीला सरोज, जरीना उस्मानी, डा फिदा हुसैन अंसारी, पूर्व विधायक रविदास मेहरोत्रा आदि ने सम्बोधित किया। जनसभा का संचालन महानगर अध्यक्ष सुशील दीक्षित ने किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]