स्वतंत्र आवाज़
word map

चीन के किंगदाओ में अंतर्राष्ट्रीय फ्लीट रिव्यू

समुद्र में नौसेना जहाजों विमानों और पनडुब्बियों की परेड

आईएफआर विश्व की नौसेनाओं के लिए एक आदर्श मंच

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 19 April 2019 06:23:28 PM

international fleet review in qingdao, china

मुंबई। भारतीय नौसेना के जहाज चीन के किंगदाओ में अंतर्राष्ट्रीय फ्लीट रिव्यू में भाग लेंगे। भारत से आईएनएस कोलकाता और फ्लीट स्पोर्ट जहाज आईएनएस शक्ति अंतर्राष्ट्रीय फ्लीट रिव्यू में भाग लेने के लिए 21 अप्रैल 2019 को चीन के किंगदाओ पहुंचेंगे। अंतर्राष्ट्रीय फ्लीट रिव्यू नौसेना जहाजों, विमानों एवं पनडुब्बियों की एक परेड है और इसका आयोजन राष्ट्रों द्वारा सद्भावना को बढ़ावा देने, सहयोग को मजबूत बनाने और उनकी संगठनात्मक क्षमताओं को प्रदर्शित करने के लिए किया जाता है। आईएफआर विश्व की नौसेनाओं के लिए उनकी क्षमता और स्वदेशी जहाज डिजाइन तथा जहाज निर्माण क्षमताओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का एक आदर्श मंच का भी काम करती है।
भारत में फरवरी 2016 में विशाखापट्टनम में आयोजित दूसरे आईएफआर में लगभग 100 जंगी जहाजों के साथ 50 नौसेनाओं की शानदार भागीदारी देखी गई थी। किंगदाओ में आईएफआर में भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व स्वदेशी रूपसे निर्मित स्टेलथ गाइडेड मिसाइल विध्वंसक आईएनएस कोलकाता और फ्लीट स्पोर्ट जहाज आईएनएस शक्ति करेंगे। आईएनएस कोलकाता नौसेना युद्ध के सभी आयामों में खतरों से निपटने के लिए अत्याधुनिक हथियारों और संवेदकों से लैस है। आईएनएस शक्ति एक पुनःपूर्ति जहाज है, जो 27000 टन से अधिक डिसप्लेस करने वाले सबसे बड़े टंकरों में से एक है और यह 15 हजार टन तरल माल तथा खाद्यानों एवं गोला बारूद सहित 500 टन से अधिक ठोस माल ढो सकता है। भारतीय नौसेना के सबसे शक्तिशाली विध्वंसक एवं बहुमुखी फ्लीट स्पोर्ट जहाज की यात्रा भारत की शक्ति, पहुंच और स्वदेशी जहाज निर्माण क्षमता के अतिरिक्त निरंतरता को भी प्रदर्शित करती है।
भारतीय नौसेना के जहाजों के बंदरगाह प्रवास के दौरान प्रतिभागी नौसेना के अधिकारियों के बीच परस्पर बातचीत, पीएलए (एन) के विभिन्न गणमान्य अ‌तिथियों और सरकारी अधिकारियों के साथ शिष्टाचार वार्ता, व्यावसायिक आदान-प्रदान तथा विभिन्न प्रकार की खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। जहाजों को भारतीय नौसेना की वीरता एवं भारतीय जहाज निर्माण क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए नौसेना अधिकारियों तथा स्थानीय लोगों के अवलोकन के लिए खोला जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय फ्लीट रिव्यू परेड के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिंगपिंग द्वारा 23 अप्रैल को इनका पुनरावलोकन किए जाने का भी कार्यक्रम है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]