स्वतंत्र आवाज़
word map

'मार्शल अर्जन सिंह वायुसेना के नेता और आदर्श'

एयर चीफ ने किया मार्शल अर्जन सिंह की प्रतिमा का अनावरण

मार्शल अर्जन सिंह की स्मृति में वायुसेना के विभिन्‍न कार्यक्रम

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 16 April 2019 06:09:28 PM

air chief has unveiled the statue of marshal arjan singh

नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ ने वायुसेना के महानायक मार्शल अर्जन सिंह की स्मृति में वायु भवन नई दिल्ली में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया और कहा कि मार्शल अर्जन सिंह ने देश और सेना की समृद्धि में अनुकरणीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि मार्शल अर्जन सिंह वायुसेना के नेता और आदर्श हैं। गौरतलब है कि वायुसेना मार्शल अर्जन सिंह डीएफसी की जन्‍मशती मना रही है और राष्‍ट्र एवं वायुसेना के प्रति उनके प्रेरणाप्रद और उल्लेखनीय योगदान को स्‍मरण कर रही है। मार्शल अर्जन सिंह को उनकी व्‍यवसायिक दक्षता, नेतृत्‍व और रणनीतिक दृष्टिकोण के लिए जाना जाता है। इनका जन्‍म 15 अप्रैल 1919 को लायलपुर में हुआ था, जो अब पाकिस्‍तान के फैसलाबाद में है। मार्शल अर्जन सिंह को 19 वर्ष की उम्र में वर्ष 1938 में रॉयल एयर फोर्स कॉलेज क्रेनवैल में प्रशिक्षण के लिए चुना गया था।
मार्शल अर्जन सिंह को दिसंबर 1939 में आरएएफ में पायलट अधिकारी के रूपमें कमीशन दिया गया। उन्‍हें दूसरे विश्‍व युद्ध के दौरान बर्मा अभियान में उत्‍कृ‍ष्‍ट नेतृत्‍व, महान कौशल और साहस के लिए प्रतिष्ठित फ्लाइंग क्रॉस से सम्‍मानित किया गया था। उन्‍होंने पाकिस्‍तान के खिलाफ 1965 के युद्ध में वायुसेना प्रमुख के रूपमें भारत का नेतृत्‍व किया था, जिसमें भारतीय वायुसेना ने पाकिस्‍तान के ऊपर अपनी श्रेष्‍ठता दर्शाते हुए रणनीतिक विजय प्राप्त की थी। मार्शल अर्जन सिंह का 16 सितंबर 2017 को 98 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। उनके गतिशील व्‍यक्तित्‍व, व्‍यवसायिक दक्षता और देश की सेवा में ईमानदारी के लिए उन्‍हें भारतीय वायुसेना के नेता और एक आदर्श के रूपमें मान्‍यता दी गई है। वायुसेना ने उनकी जन्‍मशती पर एक साल की अवधि के दौरान विभिन्‍न कार्यक्रमों की योजना बनाई है।
भारतीय वायुसेना के मार्शल अर्जन सिंह एक दूरदर्शी व्‍यक्ति और वायुसेना की शक्ति के प्रस्‍तावक थे और उन्‍होंने वायुसेना को एक मजबूत लड़ाकू बल के रूपमें स्‍थापित करने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई। भारतीय वायुसेना ने 14 अप्रैल को हाफ मैराथन का आयोजन किया था, जिसकी जवाहरलाल नेहरू स्‍टेडियम में झंडी दिखाकर शुरूआत की गई थी। यह दौड़ लोधी रोड, मथुरा रोड, इंडिया गेट, राजपथ जैसे प्रमुख स्‍थानों से होती हुई जवाहरलाल नेहरू स्‍टेडियम में ही समाप्‍त हुई। वायुसेना ने उनके लिए श्रद्धांजलि के रूपमें ‘2040 में वायुशक्ति प्रौद्योगिकी का प्रभाव’ विषय पर एयर फोर्स ओडिटोरियम सुब्रोतो पार्क में एक सम्‍मेलन का आयोजन किया था, जिसमें सेवारत और सेवानिवृत्त सैनिकों ने भाग लिया था। वायुसेना ने मार्शल कप अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट की भी योजना बनाई है, जिसकी चंडीगढ़ में शुरूआत हो चुकी है और यह 25 अप्रैल 2019 को समाप्‍त होगी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]