स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत दौरे पर आए श्रीलंकाई नौसेना कमांडर

भारत-श्रीलंका के बीच द्विपक्षीय नौसेना सहयोग पर चर्चा

भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा से भी ‌मिले

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 3 April 2019 02:32:25 PM

sri lankan navy commander and indian navy chief

नई दिल्ली। श्रीलंका के नौसेना कमांडर वाइस एडमिरल पियाल डि-सिल्‍वा श्रीलंकाई नौसेना के कमांडर के रूपमें पदभार ग्रहण करने के बाद पहलीबार भारत दौरे पर आए हुए थे। भारत और श्रीलंका के बीच द्विपक्षीय नौसेना संबंधों को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नौसेना के क्षेत्र में सहयोग के लिए नई संभावनाओं की तलाश करना उनकी इस यात्रा का लक्ष्‍य था। श्रीलंकाई नौसेना कमांडर ने अपनी यात्रा के दौरान भारतीय स्‍टाफ कमेटी के चीफ चेयरमेन और नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा तथा भारतीय नौसेना के वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय वार्ताएं कीं।
श्रीलंकाई नौसेना कमांडर ने भारतीय नौसेना के वरिष्‍ठ अधिकारियों से संचालनात्‍मक वार्ताओं से संबंधित अनेक महत्‍वपूर्ण समुद्री क्षेत्र के कार्यक्रमों के बारे में विचार-विमर्श किया, जिनमें पोर्ट कॉल, द्विपक्षीय अभ्‍यास का संचालन, प्रशिक्षण, हाइड्रोग्राफी के क्षेत्र में सहयोग और विभिन्‍न क्षेत्रों के विषयवस्‍तु विशेषज्ञों के आदान-प्रदान जैसे मुद्दे शामिल थे। श्रीलंकाई नौसेना कमांडर ने नई दिल्‍ली के अलावा कोच्चि और मुंबई का दौरा किया, जहां उन्‍होंने नौसेना के वरिष्‍ठ अधिकारियों से बातचीत की और विभिन्‍न नौसेना इकाइयों को देखा। उन्होंने केरल के एझीमाला की यात्रा के दौरान भारतीय नौसेना अकादमी की प्रशिक्षण सुविधाओं का भी अवलोकन किया। गौरतलब है कि भारत और श्रीलंका के सम्बंध बहुत ही प्राचीन और मैत्रीपूर्ण हैं। दक्षिण एशिया में दोनों देशों की स्थिति रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से दोनों देश एक-दूसरे के अत्यंत निकट हैं। 

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]