स्वतंत्र आवाज़
word map

भाजपा आईटी विभाग के फरवरी से सम्मेलन

1 लाख 41 हजार बूथों पर सोशल मीडिया कार्यकर्ता नियुक्त

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह करेंगे सम्मेलनों को संबोधित

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 25 January 2019 01:54:37 PM

bjp's it department, conference

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी का आईटी विभाग 21 फरवरी से 3 मार्च के मध्य उत्तर प्रदेश के सभी छह क्षेत्रों में आईटी कार्यकर्ताओं के साथ सम्मेलन करेगा। सम्मेलनों को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह संबोधित करेंगे। इनमें आईटी विभाग के मंडल तक के कार्यकर्ता भाग लेंगे। भाजपा प्रवक्ता संजय राय ने कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के आईटी पदाधिकारियों की बैठक में कहा कि उत्तर प्रदेश से एक लाख 41 हजार बूथों पर आईटी के लिए 5 सोशल मीडिया कार्यकर्ता नियुक्त किए गए हैं, जो बूथ स्थल पर कार्यकर्ता एवं मतदाताओं के मध्य भाजपा का प्रचार करेंगे।
संजय राय ने बताया कि आईटी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एक से 8 फरवरी तक उत्तर प्रदेश में सोशल मीडिया वॉलिंटियर्स पंजीकरण अभियान चलाएंगे, जिसके उपरांत 9 से 20 फरवरी तक जिला वॉलिंटियर्स सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। सम्मेलनों में मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री होंगे और स्थानीय सांसद एवं जिलाध्यक्ष उसमें उपस्थित रहेंगे। भाजपा की राष्ट्रीय टीम के सदस्य विजय चौथाईवाला ने बैठक में बताया कि 2 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नमो ऐप के माध्यम से पूरे देश के आईटी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके लिए 26 जनवरी को प्रत्येक जिले की आईटी टीम की बैठक होगी। प्रधानमंत्री के संवाद कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के आईटी कार्यकर्ता 28, 29 एवं 31 जनवरी को नमो ऐप अभियान चलाएंगे, जिसके अंतर्गत आईटी कार्यकर्ता कॉलेजों में जाकर छात्रों के मोबाइल में नमो ऐप डाउनलोड कराएंगे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने कहा ‌कि कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए 2019 में भाजपा इस क्षेत्र की सभी 10 लोकसभा सीट जीतेगी और फिरसे केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार बनाएंगे। बैठक को प्रदेश सह संयोजक अंकित सिंह चंदेल, प्रदेश टीम सदस्य हिमांशु राय, मनीष कटियार, सचिन पांडेय, अजित प्रकाश गुप्ता, अभिनव बाजपेयी, रंजन अग्रवाल, बॉबी हैयरान, अनुराग निर्मल, नीरज सिंह, प्रीति पांडेय आदि ने भी संबोधित किया। बैठक का संचालन क्षेत्रीय संयोजक आईटी विभाग सौरभ बाजपेयी ने किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]