स्वतंत्र आवाज़
word map

मेनका गांधी ने लांच किया वेब वंडर वुमन अभियान

महिलाओं की असाधारण उपलब्धियों को सम्मान एवं प्रोत्साहन

सोशल मीडिया पर सामाजिक परिवर्तन का सार्थक एजेंडा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 10 January 2019 02:36:51 PM

menaka gandhi launches web wonder woman campaign

नई दिल्ली। केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्रालय ने ऑनलाइन अभियान ‘#www : Web-WonderWomen’ लांच किया है, जिसका उद्देश्य उन महिलाओं को खोजना और उनकी असाधारण उपलब्धियों को मान्यता देना है, जो सोशल मीडिया के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन का सार्थक एजेंडा चला रही हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री मेनका संजय गांधी, ट्वीटर की ग्लोबल हेड, पब्लिक पॉलिसी कॉलिन क्रोवेल और ब्रेकथ्रू की अध्यक्ष एवं सीईओ सोहिनी भट्टाचार्य भी उपस्थित थीं। वेब वंडर वुमन अभियान के माध्यम से मंत्रालय तथा अभियान के साझेदार का उद्देश्य विश्व की भारतीय महिला दिग्गजों की दृढ़ता को मान्यता देना है, जिन्होंने समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से सार्थक अभियान चलाया है। यह अभियान इन मेधावी महिलाओं के प्रयासों को मान्यता देगा।
महिला और बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय महिलाएं हमेशा से उद्यमी रही हैं और उन्होंने अपने कठिन परिश्रम, अनुभव तथा ज्ञान के बल पर समाज पर सार्थक प्रभाव डाला है। उन्होंने कहा कि वेब वंडर वुमन अभियान का उद्देश्य ऐसे स्वरों को सम्मान और प्रोत्साहन देना है, जिन्होंने सोशल मीडिया मंचों पर सार्थक प्रभाव छोड़ा है। उन्होंने कहा कि उनका मंत्रालय ब्रेकथ्रू तथा ट्वीटर इंडिया के साथ साझेदारी से प्रसन्न है। उन्होंने वेब वंडर वुमन अभियान में निर्धारित मानक के अनुसार पूरे विश्व से नामांकन के माध्यम से प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं। उन्होंने बताया कि नामांकन 31 जनवरी 2019 तक होगा और विश्व में कहीं भी कार्य कर रहीं या बसी हुईं भारतीय मूल की महिलाएं नामांकन की पात्र हैं। उन्होंने कहा कि चयनित प्रविष्टियों को ट्वीटर पर सार्वजनिक वोटिंग के लिए खोला जाएगा और निर्णायकों के पैनल द्वारा फाइनल में पहुंचने वालों का चयन किया जाएगा। स्वास्थ्य, मीडिया, साहित्य कला, खेल, पर्यावरण संरक्षण और फैशन सहित अनेक श्रेणियों में नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। विस्तृत जानकारी के लिए https://twitter.com/MinistryWCDया https://www.facebook.com/ministryWCD लिंक देखें।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]