उद्देश्य रक्षा सहयोग के क्षेत्र में नए विकल्पों की तलाश
रूस के रक्षा अधिकारियों से होगा द्विपक्षीय वार्तालापस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Monday 26 November 2018 02:22:48 PM
नई दिल्ली। भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा आज से 29 नवंबर तक रूस की आधिकारिक यात्रा पर हैं। उनकी इस यात्रा का उद्देश्य भारत के रूस के साथ द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ रक्षा सहयोग के क्षेत्र में नए विकल्प तलाशना है। नौसेना प्रमुख सेंट पीटर्सबर्ग से अपनी आधिकारिक यात्रा का शुभारंभ करेंगे और वह अपने समकक्ष रूसी फेडरेशन नेवी के कमांडर-इन-चीफ एडमिरल व्लादिमीर कोरोलेव के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। एडमिरल सुनील लांबा ‘सीज ऑफ लेनिनग्रेद’ के पीड़ितों को समर्पित पिस्कारेव मेमोरियल कब्रिस्तान में पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ नाखिमोव नावल स्कूल और एडमिरल्टी शिपयार्ड का भी दौरा करेंगे।
नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा मॉस्को में चीफ ऑफ जनरल स्टाफ और रूस के पहले उपरक्षामंत्री जनरल वीवी गैरेसीमोव एवं रूस के सैन्य तकनीकी सहयोग की फेडरल सर्विस के निदेशक दिमित्री शुगेव के साथ भी वार्तालाप करेंगे। सुनील लांबा रूस के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ की सैन्य अकादमी का दौरा करेंगे और समुद्री सुरक्षा पर भारतीय नौसेना के परिप्रेक्ष्य पर विचार-विमर्श करेंगे। गौरतलब है कि भारतीय नौसेना कई मोर्चों पर रूसी नौसेना के साथ सहयोग करती है, जिसमें नौसेना से नौसेना की स्टाफ वार्ता के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में परिचालन, वार्तालाप, प्रशिक्षण, हाइड्रोग्राफी सहयोग और विषयवस्तु विशेषज्ञों का आदान-प्रदान शामिल है। इसके अलावा भारतीय नौसेना और रूस की नौसेना 2003 से द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास 'इंद्र नेवी' का आयोजन कर रही है और 2017 से इंद्र त्रिसेवा अभ्यास का भी आयोजन कर रही है। इंद्र-नेवी अभ्यास का अगला संस्करण दिसम्बर 2018 में विशाखापत्तनम में निर्धारित है।