स्वतंत्र आवाज़
word map

भाजपा के आईटी कार्यकर्ता साइबर योद्धा-केशव

भाजपा आईटी विभाग की कानपुर बुंदेलखंड में कार्यशालाएं

'जनता में नोटबंदी की सफलता के कारण कांग्रेस चिढ़ती है'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 12 November 2018 01:05:15 PM

workshops of bjp it department

कानपुर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के आईटी विभाग की कार्यशाला का चंद्रशेखर आजाद विश्वविद्यालय कानपुर के कैलाश भवन में आयोजन हुआ, कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूपमें उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा आईटी विभाग के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और कहा कि आईटी विभाग के कार्यकर्ताओं पर सोशल मीडिया में भाजपा के प्रचार-प्रसार की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पहले भी उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का प्रचार-प्रसार करके जनता में भाजपा का आधार बढ़ाया है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2019 लोकसभा चुनाव के लिए भी ऐसा ही करना है। उन्होंने कहा कि आईटी विभाग के कार्यकर्ता हमारे लिए साइबर योद्धा जैसे हैं, जोकि भाजपा की रीति नीति सिद्धांतों के साथ-साथ केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएंगे।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने ग़रीबी हटाने की बात तो की पर उन्होंने केवल आम जनता का वोट बैंक ही समझा और कभी भी ग़रीब व आम जनता को लाभ पहुंचाने का काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार आम जनता और किसानों के लिए बहुत अच्छी योजनाएं लेकर आई है और उनके अच्छे परिणाम भी सामने आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी की सफलता से कांग्रेस चिढ़ती है, क्योंकि जनता ने नोटबंदी का समर्थन किया, जनता को यह फैसला अच्छा लगा, परंतु कांग्रेस और राहुल गांधी की चार पीढ़ियों की काली कमाई इसमें चली गई, इसीलिए कांग्रेस मोदी सरकार के अच्छे फैसलों से चिढ़ती है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी भी देश की जनता के हित में अच्छे फैसले लेने से नहीं हिचकती है।
भाजपा आईटी विभाग के संयोजक संजय राय ने बताया कि आईटी विभाग उत्तर प्रदेश के अधिकतर महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और प्रोफेशनल कालेजों में नमो एप अभियान के अंतर्गत कैंप लगाकर छात्रों को नमो एप से जोड़ने का कार्य कर रहा है, यह अभियान 12 नवम्बर से 20 नवम्बर तक चलाया जाएगा। संजय राय ने बताया कि आईटी विभाग 2014 के लोकसभा और 2017 के विधानसभा चुनाव की तुलना में और अधिक विस्तृत नेटवर्क बना रहा है, जिसके अंतर्गत एक लाख चालीस हजार बूथों पर भाजपा ने सोशल मीडिया वॉलिंटियर्स नियुक्त किए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी एक माह में आईटी विभाग 56 हजार नए वाट्सएप ग्रुप बनाएगा, जिससे उत्तर प्रदेश में सोशल मीडिया पर सक्रिय लगभग ढाई करोड़ लोगों तक भाजपा चुनाव अभियान के कार्यक्रमों को पहुंचाने का प्रयास करेगी।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अनूप गुप्ता ने भी कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि आज केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार जिस प्रकार से काम कर रही है, आम जनता उससे बहुत खुश है और लोकसभा 2019 के चुनाव में एकबार पुनः पूरे देश की जनता नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री देखना चाहती है और उनको प्रधानमंत्री बनाएगी। उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के कुशासन को जनता भूली नहीं है। गौरतलब है कि भाजपा इस समय सोशल मीडिया पर सक्रिय है और वाट्सएप ग्रुप के ‌ज‌रिए लोगों को जोड़ रही है। भाजपा के आईटी विभाग के सम्मेलन किए जा रहे हैं और युवाओं को वाट्सएप पर सक्रिय किया जा रहा है। यह भी उल्लेखनीय है ‌कि देशभर में भाजपा से जुड़े सबसे ज्यादा वाट्सएप ग्रुप हैं। इसका एक पक्ष यह भी है कि भाजपा से जुड़ने वाले लोग स्वेच्छाचारी हैं, जो भाजपा और हिंदुत्व की खातिर सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं, जिसके पीछे उसके आईटी विभाग की कोई खास भूमिका नज़र नहीं आती है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]