स्वतंत्र आवाज़
word map

अयोध्या में दीपोत्सव पर भव्य शोभा यात्रा

भगवान श्रीराम से जुड़ीं घटनाओं पर झांकियां निकलीं

मुख्यमंत्री और किमजोंग-सुक ने की पूजा व आरती

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 7 November 2018 02:28:33 PM

dipotsav in ayodhya

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कोरिया की प्रथम महिला किमजोंग-सुक ने अयोध्या में ‘दीपोत्सव-2018’ के तहत राम की पैड़ी पर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने सरयू तट पर रिमोट के माध्यम से मुख्य दीप का प्रज्ज्वलन किया। इस अवसर पर सरयू तट पर 3 लाख से अधिक दीप जलाए गए, जो अपने में एक विश्व रेकॉर्ड है। इसके अलावा लेजर शो का आयोजन तथा भव्य आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर उपस्थित जनसमूह ने इस आकर्षक दृश्य का अवलोकन किया। लाखों दीपों के प्रज्ज्वलन से सरयू तट की छटा देखते ही बनती थी। योगी आदित्यनाथ और किमजोंग-सुक ने ‘रानी हो’ स्मृति पार्क में पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री और दक्षिण कोरिया के पर्यटन संस्कृति एवं खेलकूद मंत्री डू जांग ह्वान ने ‘रानी हो’ स्मारक का शिलान्यास दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला की उपस्थिति में किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और कोरिया के मध्य सांस्कृतिक सम्बंधों को मजबूत करने और बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्मारक का शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि दो हजार वर्ष पूर्व अयोध्या की राजकुमारी दक्षिण कोरिया के राजकुमार से विवाह बंधन में बंधी थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कोरिया के राष्ट्रपति के प्रति आभार व्यक्त किया। दक्षिण कोरिया के पर्यटन संस्कृति एवं खेलकूद मंत्री डू जांग ह्वान ने इस अवसर पर कहा कि भारत और कोरिया के ऐतिहासिक सम्बंध हैं, रानी हो स्मारक के शिलान्यास से भारत-कोरिया के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को नई ऊँचाई मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्मारक में राजा व रानी का पैवेलियन भी बनाया जाएगा, जो तत्कालीन वातावरण का आभास कराएगा। भारत के अतीत को जोड़े रखने के लिए दोनों देशों ने इस स्मृति को आज भी संजो कर रखा हुआ है। कोरिया और प्रयागराज के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
दीपोत्सव-2018 के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में अयोध्या में भगवान श्रीराम के चरित्र से जुड़ी विभिन्न 15 झांकियों सहित भव्य शोभा यात्रा साकेत महाविद्यालय से निकाली गई। यह शोभा यात्रा अयोध्या के मुख्य मार्ग से होकर हनुमान गुफा पहुंची। इस शोभा यात्रा में कोरिया, रूस, लाओस, त्रिनिडाड के कलाकारों के साथ ही उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के 500 लोक कलाकारों ने भगवान श्रीराम की लोकसंस्कृति का सराहनीय प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन जनता के आकर्षण का केंद्र बना। शोभा यात्रा में पुत्रेष्ठ यज्ञ, राम जन्म, धनुष यज्ञ, राम विवाह, कैकेयी प्रसंग, राम वनगमन, केवट प्रसंग, ताड़का वध, अशोक वाटिका, लक्ष्मण शक्ति, राम-रावण युद्ध, पुष्पक विमान, राज्याभिषेक से सम्बंधित झांकियां प्रस्तुत की गईं। कोरिया, रूस, लाओस और त्रिनिडाड की भी झांकियां शोभा यात्रा में शामिल थीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में राम की पैड़ी में दीप प्रज्ज्वलन के बाद राम कथा पार्क में विभिन्न देशों की रामलीलाओं का अवलोकन किया। इनमें इंडोनेशिया के कलाकारों ने चकचक रामलीला का आकर्षक प्रदर्शन किया। रूस के कलाकारों ने श्रीराम के धनुष तोड़ने, सीता विवाह, दशरथ पुत्र वियोग, सीताहरण एवं राम-रावण युद्ध की सुंदर प्रस्तुतियां दीं। त्रिनिडाड के कलाकारों ने भी आकर्षक रामलीला का मंचन किया। इस अवसर पर कोरिया का कृषक नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। मुख्यमंत्री ने रामलीला के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित भी किया।
अयोध्या में शोभा यात्रा के दौरान जगह-जगह पर विशाल जनसमूह ने झांकियों का अवलोकन करते हुए पुष्प वर्षा की। शोभा यात्रा को सांसद लल्लू सिंह एवं अयोध्या के मेयर ऋषिकेश उपाध्याय ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर राज्यपाल राम नाईक, बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ दिनेश शर्मा, केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह, मुख्य सचिव डॉ अनूप चंद्र पांडेय, अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं सूचना अवनीश कुमार अवस्थी, औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, परिवार कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, उत्तर प्रदेश के संस्कृति मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी और जनप्रतिनिधि शामिल थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]