स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत-इटली में फिल्म निर्माण क्षेत्र में सहयोग

रोम में फिल्म महोत्सव में भारत भागीदार देश के रूपमें शामिल

महोत्सव में भारतीय सिनेमा की समृद्धि एवं विविधता का प्रदर्शन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 2 November 2018 03:06:45 PM

india and italy flag

रोम/ नई दिल्ली। इटली की राजधानी रोम में फिल्म महोत्सव पर वर्चुअल रियलिटी, वीडियो गेम्स एनिमेशन और फिल्म निर्माण पर आयोजित वीडियोसिटा 2018 में भारत भागीदार देश के रूपमें शामिल हुआ है। वीडियोसिटा में भारतीय मंडप का उद्घाटन सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने उद्योग संगठन फिक्की के सहयोग से किया। फिल्म महोत्सव में शामिल हुए भारतीय शिष्टमंडल का नेतृत्व सूचना और प्रसारण मंत्रालय में संयुक्त सचिव अशोक कुमार परमार ने किया।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय में संयुक्त सचिव अशोक कुमार परमार ने इस अवसर पर भारत की फिल्म धरोहर और फिल्म निर्माण उद्योग पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत न सिर्फ एक ऐसा देश है, जहां पर बनी फिल्में जीवन के हर पहलू को बखूबी दर्शाती हैं, बल्कि यहां फिल्म निर्माण से जुड़ी सारी सुविधाएं भी बेहतरीन हैं। उन्होंने कहा कि भारत और इटली के बीच 70 वर्ष के घनिष्ठ राजनयिक संबंधों ने दोनों देशों के बीच फिल्म निर्माण क्षेत्र में सहयोग को नई ऊर्जा प्रदान की है। भारतीय शिष्टमंडल में इटली में भारत की राजदूत रीनत संधू, भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के ओएसडी सेंथिल राजन, फिल्म निर्माता और निर्देशक राकेश ओमप्रकाश मेहरा और एनिमेशन एवं वीडियो गेम उद्योग से जुड़े कई कम्पनियों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
फिल्म महोत्सव में भारतीय मंडप में भारतीय फिल्मों की विरासतगाथा के साथ ही देश में फिल्मों की शूटिंग, फिल्मों की शूटिंग के लिए विकसित किए गए महत्वपूर्ण स्थलों, भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव, विभिन्न भाषाओं में बनी भारतीय फिल्में तथा भारत और इटली के बीच फिल्म निर्माण के क्षेत्र में सहयोग को प्रदर्शित किया गया। मंडप में प्रतिदिन योग सत्र आयोजित किए गए और विभिन्न भाषाओं की भारतीय फिल्में भी प्रदर्शित की गईं। वीडियोसिटा में चलो जीते है, विलेज रॉक स्टार्स, सिंजर, टेक ऑफ, लद्दाख चले रिक्शावाला, न्यूटर्न, कहानी और क्विन जैसी भारतीय फिल्में प्रदर्शित की गईं। इन फिल्मों ने भारतीय सिनेमा की समृद्धि और विविधता से दर्शकों का परिचय कराया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]