स्वतंत्र आवाज़
word map

दिल्ली में भारतीय महिला राष्ट्रीय जैविक उत्सव

जैविक कृषि क्षेत्र में महिला उद्यमियों व किसानों को प्रोत्‍साहन

महिला एवं बाल विकास मंत्री ने किया उत्सव का उद्घाटन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 27 October 2018 04:55:26 PM

maneka sanjay gandhi visiting women of india organic fest

नई दिल्ली। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका संजय गांधी ने नई दिल्‍ली के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में पांचवे भारतीय महिला राष्ट्रीय जैविक उत्सव का उद्घाटन किया। यह उत्‍सव जैविक कृषि के क्षेत्र में देशभर की महिला उद्यमियों, उत्‍पादकों तथा किसानों को प्रोत्‍साहित करता है। मेनका गांधी ने इस अवसर पर कहा कि चार वर्ष में पांचवी बार इस जैविक उत्‍सव का आयोजन किया गया है और प्रत्‍येक वर्ष इसे लोगों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उनके मंत्रालय का प्रयास परिवर्तन का हिस्‍सा बनना और साथ-साथ महिलाओं को सशक्‍त बनाना है। मेनका गांधी ने जैविक उत्‍पादों वाले त्‍यौहारी उपहारों को प्रोत्‍साहित किया और दिल्‍ली के लोगों से कहा कि वे जैविक उत्‍पादों वाले उपहार दें। उन्होंने कहा कि ये उपहार लोगों के परिजनों के स्‍वास्‍थ्‍य के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त करते हैं।
महिला और बाल विकास मंत्री ने बताया कि इस तरह के उत्‍सव अन्‍य शहरों में भी आयोजित किए जा रहे है और बड़े पैमाने पर अहमदाबाद, मुंबई और चेन्‍नई में आयोजित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्‍सव में भाग लेने वाली महिला उद्यमियों और किसानों को महिला और बाल विकास मंत्रालय की ई-मार्किटिंग पोर्टल महिला-ई-हाट पर बेचने के लिए प्रोत्‍साहित किया जा रहा है। यह जैविक उत्सव 26 अक्तूबर से 4 नवंबर 2018 तक चलेगा, जिसमें 26 राज्यों के जैविक वस्तुओं के उत्पाद और निर्माता हिस्सा ले रहे हैं। लेह से कन्याकुमारी और कोहिमा से कच्छ तक की 500 से अधिक महिला उद्यमी एक साथ अपने जैविक उत्पादों को पेश कर रही हैं। इन उत्‍पादों में चावल की 1200 किस्में, बाजरा, अनाज, दाल, मसाले, चिल्ली चॉकलेट, कद्दू के बीज, कुकीज, अचार, जाम, चटनी, जूस, सूखे फल, जैविक आईसक्रीम, तैयार भोजन, तेल, शहद, चाय, कॉफी, खुम्बी, जड़ी-बूटी, प्रसाधन, खुशबूदार उत्पाद, सौर उत्पाद, रसोई के कचरे से बनी खाद, जैविक बीज, जैविक सूती कपड़े, सूती कपड़े, बीजों से बने आभूषण, आसव, गाय के गोबर से बना एयरप्यूरीफायर एवं अन्य उत्पाद शामिल हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]