स्वतंत्र आवाज़
word map

भाजपा नेताओं ने की नरेंद्र राणा की सराहना

नरेंद्र सिंह राणा की पुस्तक 'एक दृष्टि' का विमोचन हुआ

भाजपा प्रवक्ता, खिलाड़ी और प्रखर लेखक हैं नरेंद्र राणा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 29 September 2018 06:27:35 PM

narendra singh rana's book 'ek drshti' released

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के मुख्यालय पर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता, पावर लिफ्टिंग के अंतर्राष्ट्रीय कोच और उत्तर प्रदेश सरकार के सर्वोच्च सम्मान यश भारती से सम्मानित नरेंद्र सिंह राणा की पुस्तक ‘एक दृष्टि’ का विमोचन किया गया। इस अवसर पर भाजपा के अग्रिमपंक्ति के नेतागण मौजूद थे। नरेंद्र सिंह राणा एक अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि एक प्रखर लेखक और सामाजिक एवं राजनीतिक विश्लेषक भी हैं। विभिन्न विषयों पर उनके लेख देश के समाचार पत्रों और पत्रिकाओं में प्रमुखता से प्रकाशित होते आ रहे हैं। नरेंद्र सिंह राणा को अक्सर समाचार चैनलों पर उच्चकोटि की डिबेट में भाजपा का पक्ष रखते हुए सुना जाता है।
उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और योगी आदित्यनाथ सरकार में कृषिमंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अपने संबोधन में नरेंद्र सिंह राणा को बधाई देते हुए कहा कि एक लेखक के रूपमें, भाजपा कार्यकर्ता के नाते तथा अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी होने के कारण उनका व्यक्तित्व बहुआयामी है। सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए मैंने नरेंद्र सिंह राणा को एक समर्पित व जुझारू कार्य करने वाला साहसी कार्यकर्ता पाया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आगे भी उनका इसी प्रकार से भाजपा तथा समाज को सहयोग मिलता रहेगा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश सरकार के नगरविकास मंत्री सुरेश खन्ना ने नरेंद्र सिंह राणा के सामाजिक और राजनीतिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनकी जमकर तारीफ की। सुरेश खन्ना ने कहा कि खिलाड़ी के रूपमें उन्होंने विदेशों में भारत का मान बढ़ाया है, भाजपा में लगातार दस वर्ष तक प्रदेश के मीडिया प्रभारी रहे और अब राज्य भाजपा के प्रवक्ता हैं, उनका काम इसका प्रमाण है। सुरेश खन्ना ने कहा कि भारतीय मनीषा कहती है कि ऊंचाई पर पहुंचना कमाल नहीं होता है, बल्कि वहां ठहरना कमाल होता है, ऐसा नरेंद्र सिंह राणा ने कर दिखाया है।
पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में प्रदेश के चिकित्सा शिक्षामंत्री आशुतोष टंडन तथा समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री, भाजपा उत्तर प्रदेश के मीडिया प्रमुख रहे और इस समय भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरीशचंद्र श्रीवास्तव हरीशजी, आलोक अवस्‍थी भी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा के प्रदेश मंत्री अमरपाल मौर्य ने किया तथा सुरेश तिवारी अध्यक्ष अवध क्षेत्र भाजपा ने नेताओं का स्वागत किया। नरेंद्र सिंह राणा ने कार्यक्रम आए अपने नेतृत्व का हृदय से धन्यवाद करते हुए कहा कि मेरे जीवन में जो भी अच्छा है वह सब परमात्मा की कृपा, भाजपा का साथ तथा सबके स्नेह और आर्शीवाद का परिणाम है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]