स्वतंत्र आवाज़
word map

डॉ सर्वेश उनियाल को नेशनल टूरिज्म अवॉर्ड

गढ़वाल विवि में पर्यटन परियोजना अधिकारी हैं डॉ सर्वेश

पर्यटन राज्यमंत्री ने ट्रैवल हैंडबुक के लिए दिया है अवार्ड

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 27 September 2018 04:50:08 PM

dr. sarvesh uniyal, national tourism award

नई दिल्ली/ देहरादून। भारत सरकार में पर्यटन राज्यमंत्रीकेजे अल्फोंस ने विश्व पर्यटन दिवस पर गढ़वाल विश्वविद्यालय के पर्वतीय पर्यटन अतिथि अध्ययन केंद्र के परियोजना अधिकारी डॉ सर्वेश उनियाल को नेशनल टूरिज्म अवॉर्ड 2016-17 प्रदान किया है। डॉ सर्वेश उनियाल को विज्ञान भवन नई दिल्ली में यह नेशनल अवॉर्ड पर्यटन प्रोत्साहन एवं प्रचार-प्रसार श्रेणी के अंतर्गत हिंदी में उनकी ट्रैवल हैंडबुक 'उत्तराखंड उत्पाद उत्तराखंड उपहार' के लिए प्रदान किया गया। पुस्तक का प्रकाशन विनसर पब्लिकेशन कंपनी देहरादून ने किया है।
डॉ सर्वेश उनियाल ने उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों पर ट्रेवल हैंडबुक लिखने का अभिनव प्रयास किया है। उन्होंने उत्तराखंड की प्रमुख सांस्कृतिक हिमालयी यात्रा नंदाराज जात पर प्रगति पथ-नंदा पथ एवं प्रगति पथ-गंगा पथ जैसी ट्रैवल एंड बुक भी लिखी है। उल्लेखनीय है कि डॉ सर्वेश उनियाल को उनके ब्लॉग 'उत्तराखंड खास है' को वर्ष 2017 में पर्यटन मंत्रालय ने सर्वश्रेष्ठ ब्लॉग लेखन का पुरस्कार प्रदान किया था। स्वच्छ पर्यटन पर आधारित सैर सलीका अभियान पर आधारित सूक्ष्म डॉक्यूमेंट्री के लिए भी भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से उन्हें सराहना प्रमाण पत्र मिल चुका है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]