स्वतंत्र आवाज़
word map

यूपी में कई नई योजनाओं का संचालन-सीएम

कन्नौज में रामप्रकाश त्रिपाठी की पुण्यतिथि मनाई गई

'बेटी ने पिता का मान-सम्मान और नाम ऊंचा किया'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 25 June 2018 12:11:29 PM

rumprakash tripathi's death anniversary was observed in kannauj

कन्नौज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कन्नौज में राजनेता रामप्रकाश त्रिपाठी की 10वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने रामप्रकाश त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और भगवान गौतम बुद्ध की मूर्ति का, अनावरण किया और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया। योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर एक कार्यक्रम में राम प्रकाश त्रिपाठी के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान का उल्लेख करने के साथ ही उनकी पुत्री और उत्तर प्रदेश की खनन, मद्यनिषेध एवं आबकारी राज्यमंत्री अर्चना पाण्डेय की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि एक पुत्री ने जिस कर्मठता और मजबूती के साथ अपने पिता राम प्रकाश त्रिपाठी की विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है, उससे सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। कार्यक्रम को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय ने भी संबोधित किया।
योगी आदित्यनाथ ने अपने उद्गार जारी रखते हुए कहा कि बेटा हो या बेटी अगर कोई भेदभाव न हो तो बेटी भी भरपूर सम्भावनाओं को जन्म दे सकती है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम समाज के लोगों के लिए एक प्रेरणा है कि यदि पुत्रियों को नेतृत्व करने का अवसर प्राप्त हुआ है तो उन्होंने अपने परिवार का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरीके से अर्चना पाण्डेय राजनीतिक दायित्वों के निर्वहन के साथ ही साथ अपने पिताश्री का सम्मान रखते हुए उनके सामाजिक आगे बढ़ाने का काम कर रही हैं, वह निश्चित रूप से सराहनीय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामप्रकाश त्रिपाठीजी का व्यक्तित्व अद्भुत था, उन्होंने सहकारिता को नई ऊंचाई दी, उत्तर प्रदेश में सहकारिता को मजबूती प्रदान करने का काम किया। उन्होंने कहा कि रामप्रकाश त्रिपाठी एक साधारण परिवार में पैदा होने वाले व्यक्ति थे, जिन्होंने समाज की प्रगति के लिए काफी संघर्ष किया और मात्र 26 वर्ष की उम्र में विधायक के रूप में चुने गए थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में विकास की चर्चा की और कहा कि प्रदेश में कई नई योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में उत्साहजनक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले देश में अविश्वास का वातावरण था, भ्रष्टाचार चरम सीमा तक पहुंच चुका था, जिसे वर्तमान सरकार में समाप्त किया गया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार किसी विशेष जाति, वर्ग, मजहब के लिए नहीं, बल्कि गरीब जनता के हितों के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं को संचालित कर रही है। मुख्यमंत्री ने जनसमुदाय को बताया कि गांव-गांव चौपाल लगाकर उज्ज्वला, आयुष्मान, जनधन, स्वास्थ्य आदि से संबंधित योजनाओं से जनता को जागरुक और लाभांवित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले व्यक्तियों को आयुष्मान भारत योजना में एक वर्ष में इलाज के लिए 5 लाख रुपये की धनराशि दी जाएगी, जिससे गरीब जनता अच्छे अस्पतालों में गंभीर बीमारियों का उपचार करा सके।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गरीब पात्र व्यक्तियों को आवास, रोज़गार, सुरक्षा, शौचालय, गैस कनेक्शन, विद्युत कनेक्शन आदि से आच्छादित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री का दूसरे देशों में सम्मान होता है तो यह सम्मान प्रधानमंत्री का न होकर भारत की जनता का सम्मान होता है। उन्होंने कहा कि भारत ने योग से 192 देशों को जोड़ा है। उन्होंने कहा कि खनन से राजस्व वसूली में पहले 1400 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त होती थी, जबकि वर्तमान खनन मंत्री अर्चना पाण्डेय के कुशल नेतृत्व में एक वर्ष में 3500 करोड़ रुपये की आय हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार 1 करोड़ 77 लाख बच्चों को यूनीफार्म, बैग, जूता, मोजा तथा निःशुल्क शिक्षा दे रही है, गेहूं की खरीद तथा धान की खरीद की धनराशि आरटीजीएस के माध्यम से किसानों को सीधे उनके खाते में भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आलू की उत्पादकता और आमदनी को बढ़ाने के लिए आलू उत्पादन क्षेत्रों में सेंटर फार एक्सीलेंस की नई यूनिटें स्थापित कर रही है तथा एक बेहतर पैकेज देने के लिए सरकार कार्यकर रही है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]