'कुशल प्रशिक्षक की देखरेख में ही करें प्रसव पूर्व योगा'
गर्भावस्था के दौरान प्राणायाम से अद्भूत फायदेस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 21 June 2018 06:08:52 PM
 नई दिल्ली। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका संजय गांधी दिल्ली में गर्भवती महिलाओं के साथ एक योग सत्र में शामिल हुईं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के साथ बातचीत की, जिसमें गर्भवती महिलाओं ने प्रसव पूर्व योगाभ्यास के अपने अनुभव उन्हें बताए। मेनका गांधी ने प्रसव पूर्व योगाभ्यास को बढ़ावा देने के लिए योग प्रशिक्षक की देखरेख में गर्भवती महिलाओं के साथ विभिन्न आसन किए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के लिए योग के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रसव पूर्व योगाभ्यास किसी कुशल प्रशिक्षक की देखरेख में ही करना चाहिए।
महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने कहा कि योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने से संपूर्ण लाभ होगा और इससे खासकर गर्भवती महिलाओं को शांत रहने की योग्यता हासिल होगी और नौ महीने की गर्भावस्था के दौरान उनकी ज्यादातर शारीरिक समस्याएं आसान हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान प्राणायाम से अद्भूत फायदे होंगे और उन्हें योग को अपने दैनिक जीवन में तीन-तीन महीने की तीनों अवधि में शामिल किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे नकारात्मक भावनाएं निकल जाती हैं। उन्होंने कहा कि नियमित तौरपर प्रसव पूर्व योग करने से महिलाओं के शरीर को सामान्य प्रसव के लिए तैयार होने में मदद मिल सकती है।
मेनका गांधी ने उन्हें अपने रोजाना के योगाभ्यास के बारे में बताया और लोगों से स्वस्थ और खुश रहने के लिए योगाभ्यास करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने फेसबुक https://www.facebook.com/ministryWCD और ट्वीटर @MinistryWCD जैसे सोशल मीडिया पर गर्भावस्था के तीन-तीन महीने के दौरान किए जाने वाले विभिन्न आसनों के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई है। मंत्रालय ने अपने आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर मेनका गांधी के योग करते वीडियो भी शेयर किए हैं। महिला एवं बाल विकास सचिव राकेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में मंत्रालय के अधिकारियों ने भी आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय जन सहयोग और बाल विकास संस्थान में योग किया।