स्वतंत्र आवाज़
word map

'वैश्विक व्यापार में गतिशील बदलाव जरूरी'

केंद्रीय वाणिज्य मंत्री ने किया ग्रोथ नेट समिट को संबोधित

'भारतीय सेवा व्यापार में हो रही कहीं ज्यादा तेजी से वृद्धि'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 19 June 2018 05:14:51 PM

commerce and industry minister suresh prabhu

नई दिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु ने नई दिल्ली में छठी ग्रोथ नेट समिट को संबोधित करते हुए कहा है कि वाणिज्यिक व्यापार की तुलना में सेवा व्यापार में कहीं ज्यादा तेजी से वृद्धि हो रही है और इस तरह के गतिशील बदलाव वैश्विक व्यापार प्रणाली में अवश्य ही परिलक्षित होने चाहिएं। ग्रोथ नेट समिट को अनंत सेंटर और भारतीय उद्योग परिसंघ ने स्मादजा एंड स्मादजा के सहयोग से आयोजित किया था। सुरेश प्रभु ने कहा कि वाणिज्यिक व्यापार के विपरीत सेवा व्यापार में लोगों की विभिन्न जगहों पर आवाजाही होती है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि भारत ने वर्ष 2026-27 तक 5 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य रखा है और वस्तु एवं सेवा निर्यात को इस राशि का एक ट्रिलियन डॉलर लक्षित किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष वस्तु एवं सेवा निर्यात में 12 प्रतिशत से भी अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। वाणिज्य मंत्री ने कहा कि सरकार सेवा निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि के लिए एक व्यापक रणनीति पर काम कर रही है और 12 प्रमुख सेवा क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए एक अरब डॉलर खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पहलीबार नए बाज़ारों में उत्पादों की एक रणनीति विकसित की जा रही है। उन्होंने कहा कि अफ्रीका, लैटिन अमेरिका और मध्य एशिया जैसे क्षेत्रों को निर्यात करने पर भी फोकस किया जा रहा है।
वाणिज्य मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि विश्व व्यापार का विस्तारीकरण करने के उद्देश्य से एक नियम आधारित, बहुपक्षीय, लोकतांत्रिक और सहभागितापूर्ण संस्थान के एक हिस्से के रूपमें विश्व व्यापार संगठन का सृजन किया गया था। उन्होंने कहा कि इसे ध्यान में रखते हुए विभिन्न देशों ने विकास की गति तेज करने एवं रोज़गारों के सृजन के लिए वैश्विक व्यापार की अहमियत को स्वीकार किया है। सुरेश प्रभु ने कहा कि भारत अन्य देशों के साथ मिलकर काम कर रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि डब्ल्यूटीओ आगे भी प्रसांगिक बना रहे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]