स्वतंत्र आवाज़
word map

योगी सरकार में है सुरक्षा व विश्वास-केशव

'क्या समाजवादी पार्टी अपराधियों के दम पर चलती है?'

संवाद समिति हिन्दुस्थान समाचार का संवाद कार्यक्रम

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 4 May 2018 05:55:21 PM

deputy chief minister keshav prasad maurya

लखनऊ। भारत की सबसे पुरानी बहुभाषी संवाद समिति हिन्दुस्थान समाचार के उत्तर प्रदेश विकास संवाद में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की योगी सरकार के गठन से पहले अराजकता का आलम था और अपराधियों की तूती बोलती थी, लेकिन आज भाजपा सरकार में अपराधियों को करारा जवाब मिल रहा है, अपराधी पुलिस मुठभेड़ में मारे भी जा रहे हैं, अराजक तत्व अपनी जमानतें तुड़वाकर जेल जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी बड़े अपराधियों को संरक्षण दे रही है, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कह रहे हैं कि उनकी सरकार बनेगी तो अपराधियों के एनकाउंटर की जांच होगी तो मैं अखिलेश यादव से पूछता हूं कि क्या समाजवादी पार्टी अपराधियों के दम पर चलती है?
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ सबका विकास के संकल्प को योगी सरकार निरंतर आगे बढ़ा रही है, योगी सरकार में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार रोज कुछ नया करने का प्रयास कर रही है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकार में कुछ का साथ कुछ का विकास हुआ करता था, मगर हम बंटवारे की राजनीति नहीं करते। उन्होंने कहा कि रामराज्य का अर्थ सुशासन होता है और उत्तर प्रदेश के विकास से ही भारत का विकास सम्भव है। उन्होंने कहा कि पहले केवल पांच जिलों का विकास होता था, अब सभी 75 जिलों में विकास हो रहा है, वहां अपनी मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमारी अवधारणा है कि भारत पूरी दुनिया में अपनी धाक बनाएगा और पुनः विश्व गुरू बनेगा। उन्होंने राज्य में उच्च गुणवत्तयुक्त सड़कों के निमार्ण की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि पहले सड़क मरम्मत में जो खर्च आया करता था, हमने नई तकनीक अपनाकर उसमें 25 प्रतिशत की कमी की है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार दो दिन में एक सेतु और हर दिन 35 किलोमीटर सड़क बना रही है, विकास वहीं होता है, जहां भाजपा का शासन होता है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि शहर और गांव की दूरियां कम हों। उन्होंने कहा कि यूपी बोर्ड के 20 टॉपरों के गांव को पीडब्ल्यूडी विभाग पक्की सड़क से जोड़ेगा।
केशव प्रसाद मौर्य ने महिलाओं और बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से देश का मस्तक शर्म से झुकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट द्वारा बच्चियों के साथ दुष्कर्म करने वालों को फांसी देने के निर्णय का भी स्वागत किया। केशव मौर्य ने हिन्दुस्‍थान समाचार को इस बात के लिए बधाई दी कि उसने उत्तर प्रदेश विकास संवाद कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें उत्तर प्रदेश ‌के विकास और भावी योजनाओं की चर्चा हो रही है। उन्होंने देश की एकता अखंडता को सुनिश्चित करने में हिन्दुस्‍थान समाचार के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने इसकी उत्तरोत्तर सफलता की कामनाएं कीं।
हिन्दुस्थान समाचार के चेयरमैन आरके सिन्हा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास की संकल्पना अन्य प्रदेशों से थोड़ी अलग है, इसे दुरुस्त किया जा सकता है, दिशा को सही रखते हुए प्रयास करने से सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्थान समाचार में संवाददाताओं ने प्रयास कर एक जिला एक उत्पाद के क्षेत्र में हुए कार्यों का संकलन करने में सफलता पाई है। आरके सिन्हा ने कहा कि हिन्दुस्थान समाचार भारत की पहली न्यूज़ एजेंसी है और श्रमजीवी पत्रकारों द्वारा चलाई जा रही यह न्यूज़ एजेंसी सरदार पटेल के सपनों को साकार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रमाणिकता, व्यापकता और पारदर्शिता होने के बाद इसकी उपेक्षा हुई, बावजूद इनके हार न मानने वाले संवाददाताओं के बल पर यह एजेंसी फिर उठ खड़ी हुई है, जिसमें सबका सहयोग अपेक्षित है। हिन्दुस्थान समाचार के उपाध्यक्ष विपणन विशाल सिन्हा ने अतिथियों और कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]