स्वतंत्र आवाज़
word map

बालिकाएं हर क्षेत्र में आगे-योगी

मुख्यमंत्री ने प्रदान किए एचटी वुमेन अवॉर्ड

गोल्डमेडलिस्ट पूनम यादव को डिप्टी एसपी पद

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 30 April 2018 11:32:07 AM

cm yogi adityanath, ceremony of ht woman award

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ ही उनकी आत्मनिर्भरता और कल्याण के लिए हर संभव कदम उठाने के लिए तत्पर है तथा महिलाओं के प्रति अपराधों पर नियंत्रण एवं नारीशक्ति के उन्नयन हेतु अनेक कार्यक्रम संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं और महिलाओं को सुरक्षा एवं उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए समाज को भी आगे आकर अपनी भूमिका निभाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एचटी वुमेन अवार्ड-2018 के समारोह को संबोधित करते हुए ये विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम हेतु व्यापक पहल के दृष्टिगत राज्य सरकार ने कई कदम उठाए हैं, जै‌सेकि बालिकाओं की सुरक्षा के लिए ‘एंटी रोमियो स्क्वाड’ का गठन, ‘1090’ वुमेन पावर लाइन, घरेलू हिंसा का शिकार होने वाली महिलाओं के लिए ‘181’ महिला हेल्पलाइन का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं के प्रति महिलाओं को और अधिक जागरुक किए जाने की आवश्यकता है, जिससे उन्हें इनका पूरा लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म के मामलों में दोषियों को फांसी की सजा दिलाए जाने के लिए राज्य सरकार ने केंद्र को प्रस्ताव भेजा था, जिसे कैबिनेट ने मंजूरी भी दे दी है। उन्होंने कहा कि इसके लिए अध्यादेश भी लाया जा रहा है, किंतु समस्या के समाधान के लिए कानून के साथ-साथ समाज को भी आगे आने की जरूरत है, बालक-बालिका को समान रूपसे महत्व दिए जाने और उनके साथ समान व्यवहार किए जाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बालिकाएं हर क्षेत्र में आगे हो सकती हैं, इस तथ्य की स्वीकार्यता के बगैर महिलाओं के बारे में सामाजिक दृष्टिकोण में बदलाव कठिन है। उन्होंने कहा कि समाज व राष्ट्र के साथ हो रहे अपराध पर मौन रहना भी अपराध है, कानून मनुष्य के लिए है, न कि मनुष्य कानून के लिए, समाज के आगे आने पर कानून उसका जरूर अनुसरण करेगा। कार्यक्रम में गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक जीतने वाली पूनम यादव को डिप्टी एसपी पद का प्रस्ताव देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में प्रदेश के पांच खिलाड़ियों ने पदक जीते हैं, जिनके सम्मान में शीघ्र ही समारोह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों को पुलिस-प्रशासन में स्थान दिया जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने हिंदुस्तान टाइम्स की महिलाओं को सम्मानित करने की पहल की सराहना की और कहा कि राज्य सरकार महिलाओं से संबंधित स्पेशल फोर्स की तीन बटालियन का गठन कर रही है, जिसमें लगभग तीन हजार महिलाओं की भर्ती की जाएगी। कार्यक्रम को फिल्म निर्देशक अनुभव सिन्हा, प्रदेश की महिला भारोत्तोलक पूनम यादव, साक्षी एवं आशा देवी ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने विजेताओं को एचटी वुमेन अवॉर्ड-2018 प्रदान किए। एचटी वुमेन अवॉर्ड-2018 डॉ रोशन जहां और रनरअप अवॉर्ड प्रियंका भट्टी को दिया गया। इसके अतिरिक्त रीडर्स च्वाइस कैटेगरी में नवनीत सिकेरा और शालू सिंह को सम्मानित किया गया। जजेज च्वाइस अवॉर्ड मोनिका सिंह एवं लक्ष्मी गौतम ने प्राप्त किया। लेफ्टिनेंट निधि दुबे, पुष्पा, नेहा सिंह, सुनीता एवं आरती सिंह को एचटी स्पेशल अवॉर्ड दिया गया।
एचटी वुमेन अवॉर्ड समारोह में मौनी कजारिया को यंग सोसाइटी लीडर पुरस्कार, रोमिता घोष को मृत्यु को चुनौती देने के लिए पुरस्कार, श्रेष्ठा ठाकुर को वॉरियर इन यूनीफार्म पुरस्कार, उषा शंकर को यूनिकली एबल्ड पुरस्कार, तूलिका साहू को कल्चर मास्टर्स, अग्रिमा को सोशल वर्क के लिए, विश्वजीत कुमार को सामाजिक लिंग समानता के लिए और सुदेशना सेन गुप्ता को बियांड यूपी पुरस्कार प्रदान किया गया। इस दौरान प्रमुख सचिव सूचना अवनीश कुमार अवस्थी, प्रख्यात गायिका एवं पुरस्कार चयन समिति की सदस्य मालिनी अवस्थी, फिल्म अभिनेता, लेखक तथा पुरस्कार चयन समिति के सदस्य अतुल तिवारी, हिंदुस्तान टाइम्स के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। हिंदुस्तान टाइम्स की सीनियर रेजिडेंट एडिटर सुनीता ऐरन ने अतिथियों का स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]