स्वतंत्र आवाज़
word map

पीपी चौधरी की सेंट विनसेंट ग्रेनेडिंस यात्रा

प्रधानमंत्री डॉ रेल्फ गोंसाल्विज से मिले पीपी चौधरी

भारत की विश्व के देशों के साथ वृहद संपर्क योजना

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 25 April 2018 02:36:49 PM

pm dr. ralph gonsalvez and pp chaudhary

नई दिल्ली। भारत सरकार में विधि और न्याय एवं कार्पोरेट कार्य राज्यमंत्री पीपी चौधरी इन दिनों सेंट विनसेंट ग्रेनेडिंस की आधिकारिक यात्रा पर हैं। पीपी चौधरी के सेंट विनसेंट ग्रेनेडिंस पहुंचने पर वहां के प्रधानमंत्री डॉ रेल्फ गोंसाल्विज ने उनकी अगवानी की। खूबसूरत द्वीप सेंट विनसेंट ग्रेनेडिंस में मिले सम्मान के लिए पीपी चौधरी ने डॉ रेल्फ गोंसाल्विज का हार्दिक आभार व्यक्त किया। डॉ रेल्फ गोंसाल्विज ने वर्ष 2015 में न्यूयॉर्क में संयुक्तराष्ट्र महासभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई मुलाकात को याद किया। प्रधानमंत्री डॉ रेल्फ गोंसाल्विज और राज्यमंत्री पीपी चौधरी ने भारत और सेंट विनसेंट ग्रेनेडिंस के बीच द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की। उन्होंने न केवल दोनों देशों के सरकारी संबंधों को, बल्कि दोनों देशों के नागरिकों के बीच भी संबंध और घनिष्ठ हों, इस विषय पर चर्चा की।
राज्यमंत्री पीपी चौधरी ने सेंट विनसेंट ग्रेनेडिंस को भारत की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने सेंट विनसेंट ग्रेनेडिंस के विदेश और व्यापार एवं वाणिज्य मंत्रालय की स्थाई सचिव सेंडी पीटर फ्लिप्स से भी मुलाकात की। भारत के सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक, व्यापारिक और आर्थिक विकास में प्रवासियों को शामिल करने की भारत की नीति के अनुसार पीपी चौधरी ने कालडेर और रिचमंड पार्क में भारतीय बस्तियों का दौरा किया। उन्होंने वहां सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रिभोज में भी हिस्सा लिया। गौरतलब है कि विश्व के देशों से भारत के संबंध मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार वर्ष के दौरान अनेक देशों की यात्राएं की हैं। इसी क्रम में जिन देशों में वे अब तक नहीं जा सके हैं, वहां पर विदेश मंत्रालय की वृहद संपर्क योजना के अंतर्गत केंद्रीय मंत्रियों को भेजा जा रहा है, जो भारत को विश्व गुरू बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]