स्वतंत्र आवाज़
word map

उत्तर प्रदेश में नशामुक्ति संग्राम शुरू

उत्तर प्रदेश सफल होगा तो देश सफल होगा-नाईक

सफलता के लिए पुरुषार्थ और परिश्रम जरूरी-योगी

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 9 April 2018 12:28:14 PM

deaddiction sangram in uttar pradesh

लखनऊ। राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गायत्री परिवार के रमाबाई आंबेडकर मैदान में आयोजित ‘नशामुक्त उत्तर प्रदेश संकल्प कार्यक्रम’ में सहभाग किया। राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि लखनऊ की धरती से स्वेच्छा और स्वयं प्रेरणा से उत्तर प्रदेश नशामुक्ति का संग्राम शुरू हो रहा है, इस शपथ को सिद्धि तक ले जाकर नशामुक्ति को सफल बनाना है। उन्होंने कहा कि समाज में मादक पदार्थ का सेवन बढ़ रहा है, जो पीड़ा देने की बात है और भावी समाज के लिए खतरे का निशान है, यह समस्या केवल युवकों तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्व के हर देश की समस्या है। उन्होंने कहा कि इच्छाशक्ति का निर्माणकर समाज में नशामुक्ति की चेतना फैलाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि शपथ और संकल्प को व्यावहारिक बनाएं।
राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि विशाल जनसंख्या प्रदेश की पूंजी है और वह स्वस्थ रहे इसकी श्रेष्ठता नशामुक्ति में है। उन्होंने कहा कि प्रतिज्ञाबद्ध होकर निकलें तो कोई भी काम मुश्किल या असंभव नहीं है और इस मुश्किल काम को जनसहभागिता के आधार पर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बडे़ संकल्प को सफल बनाना है, क्योंकि उत्तर प्रदेश सफल होगा तो देश सफल होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और कहा कि नशामुक्ति के संकल्प के लिए गायत्री परिवार अभिनंदनीय है। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए शार्टकट नहीं, बल्कि पुरुषार्थ और परिश्रम की आवश्यकता है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी संकल्प को सिद्धि में बदलने के लिए सात्विकता चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता की हीरक जयंती पर वैसे भारत का निर्माण हो जैसा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने कल्पना की थी, हमें एक समर्थ, सक्षम, ग़रीबी मुक्त, अराजकता मुक्त और दुराचार मुक्त भारत का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि यही से स्वच्छ भारत का अभियान शुरू होता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वावलम्बी समाज कभी गुलाम नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संकल्प से सिद्धि का मंत्र दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने भी यह निर्णय किया है कि राजमार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब बिक्री पर पूर्णतया पाबंदी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए सरकार गायत्री परिवार का हर संभव सहयोग करेगी। गायत्री परिवार के प्रमुख डॉ प्रणव पांडया ने नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ बनाने के लिए गायत्री परिवार सरकार के संकल्प के साथ है। उन्होंने नशामुक्ति के समर्थन में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान और छात्रों की सहभागिता के लिए कार्यशाला के आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अधिकतर दुर्घटनाएं एवं घरेलू हिंसा का कारण मादक पदार्थों का सेवन है। कार्यक्रम में राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री सहित अन्य महानुभावों का अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया। इस दौरान गायत्री परिवार के सदस्य, प्रदेश की महिला एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ रीता बहुगुणा जोशी और संस्था के पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]