स्वतंत्र आवाज़
word map

भाजपा सरकार जनता की सरकार-योगी

योगी ने किया रामपति यादव की मूर्ति का अनावरण

गोरखपुर के जंगल कौड़िया में विकास परियोजनाएं

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 30 January 2018 03:42:02 AM

yogi unveils ramapati yadav statue

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भाजपा सरकार जनता की सरकार है और जनता के विकास एवं समृद्धि के लिए लगातार तीव्रगति से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गांव, ग़रीब, नौजवान, किसान सभी को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई जा रही हैं, जिससे लोगों का तेजी से विकास हो सके। मुख्यमंत्री ने जनपद गोरखपुर के जंगल कौड़िया के ब्लॉक परिसर में ब्लॉक प्रमुख रहे रामपति यादव की मूर्ति के अनावरण पर एक जनसभा में ये उद्गार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि रामपति यादव ने जो कार्य किए, वह लोगों के लिए मिसाल है। उन्होंने जंगल कौड़िया में 14332.95 लाख रुपए की 19 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस मौके पर 13316.35 लाख रुपए की अन्य 7 परियोजनाओं का शिलान्यास और 1016.60 लाख रुपए की 12 परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कौशल विकास मिशन के तहत युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें हुनरमंद बनाया जा रहा है, गांवों में स्वयं सहायता समूह का गठन किया जा रहा है, सरकार इनको सहायता देकर प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने कहा कि नौजवान देश के विकास का आधार हैं, जब युवाओं का विकास होगा और वह खुशहाल बनेंगे तो देश व प्रदेश का भी विकास होगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही पुलिस और शिक्षा विभागों में बड़ी संख्या में युवाओं की भर्तियां की जाएंगी और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग का भी गठन कर दिया गया है, जिससे नियुक्तियां अतिशीघ्र ही की जा सकें। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से उपेक्षित वनटांगिया गांव को राजस्व ग्राम का दर्जा देकर वहां विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को जंगल कौड़िया में एक डिग्री कॉलेज एवं काजीपुर या बुढ़ियाबारी में आईटीआई के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए यहां पर स्टेडियम भी उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम को ग्रामीण विकास राज्यमंत्री डॉ महेंद्र सिंह, जंगल कौड़िया के ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव ने भी संबोधित किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]