स्वतंत्र आवाज़
word map

कोटद्वार को जिला बनाया जाएगा-बहुगुणा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 16 February 2013 07:21:48 AM

kotdwar lokarpan

कोटद्वार/देहरादून। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कोटद्वार में आयोजित एक कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 25 करोड़ रूपए की योजनाओं की स्वीकृति देते हुए कोटद्वार को 200 बैड वाले बेस चिकित्सालय की घोषणा भी की। बहुगुणा ने कहा कि जब भी संभव होगा तो कोटद्वार को भी जिला बनाया जाएगा। कण्वाश्रम वसंतोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री ने कोटद्वार के औद्योगिक विकास को गति देते हुए बलभद्रपुर व जशोधरपुर औद्योगिक स्थानों के अवस्थापना कार्यों के जीर्णोद्वार एवं हैलीड्रम की घोषणा भी की।
इस अवसर पर विजय बहुगुणा ने जनता का आह्वान किया कि प्रदेश के विकास के लिए सकारात्मक सोच के साथ आम जनता का सहयोग जरूरी है। उन्होंने वसंत ऋतु के आगमन पर कहा कि इससे जिस प्रकार प्राणी एवं वनस्पतियों में नए जीवन का संचार होता है, उसी प्रकार प्रदेश में भी विकास को नया जीवन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी विकास पुरूष हैं, उनके नेतृत्व में क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा।
मुख्यमंत्री ने कण्वाश्रम को पर्यटन स्थल स्थापित करने के मामले में कहा कि जैसे ही वन भूमि पर्यटन विभाग को स्थानांतरित हो जाएगी, इसके लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। केंद्र सरकार के ईको जोन घोषित करने से पहले प्रदेश सरकार इनका सीमांकन करेगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए कैबिनेट में विचार किया जा रहा है। प्रदेश की खनन व मदिरा नीति पर आगामी कैबिनेट में निर्णय लिए जाएंगे। पेयजल व पर्यटन को बढ़ावा देने लिए युद्ध स्तर पर प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश के काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री को दूरदर्शी एवं ईमानदार बताते हुए कहा कि प्रदेश में अब सर्वांगीण विकास की गंगा बह रही है। गढ़वाल के सांसद सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने पिता हिमपुत्र हेमवती नंदन बहुगुणा की तरह प्रदेश को एक नई पहचान देंगे। कार्यक्रम में लैंसडौन के विधायक दिलीप रावत, दुगड्डा ब्लॉक प्रमुख गीता नेगी, वरिष्ठ अधिवक्ता जगमोहन सिंह नेगी आदि मौजूद थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]