स्वतंत्र आवाज़
word map

'मीडिया महिलाओं के कार्यक्रमों पर फोकस करे'

तेजस्विनी धारावाहिक की सौवीं कड़ी पर बोले सूचना मंत्री

'भारतीय महिलाओं में है गज़ब की नेतृत्व क्षमता'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 6 March 2017 10:43:53 PM

media, women's programs focus

नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री एम वैंकेया नायडू ने कहा है कि देश के विकास में महिलाओं की भूमिका को परिभाषित करने के तीन महत्वपूर्ण तत्व हैं-महिला सशक्तिकरण, मुक्ति तथा समानता। उन्होंने कहा कि भारतीय महिलाओं में गज़ब की नेतृत्व क्षमता है और सरकार विभिन्न उपायों के जरिए महिलाओं और लड़कियों के लिए समान अधिकार और अवसर उपलब्ध कराने के प्रति संकल्पबद्ध है। सूचना और प्रसारण मंत्री ने फिल्मों में महिलाओं को घिसेपिटे और पारंपरिक रूप से दिखाने पर भी चिंता व्यक्त की। वैंकेया नायडू तेजस्विनी धारावाहिक की 100वीं कड़ी पूरी होने पर दूरदर्शन समाचार की ओर से आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सूचना और प्रसारण राज्यमंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौर भी उपस्थित थे।
वेंकैया नायडू ने महिलाओं और लड़कियों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए सरकार के विभिन्न उपायों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि सुकन्या समृद्धि योजना हमारी बेटियों को वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध कराती है और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का उद्देश्य व्यवहार में परिवर्तन लाना एवं महिलाओं की भूमिका के बारे में लोगों की सोच को बदलना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मन की बात के माध्यम से लॉंच किया गया # सेल्फी विद डॉटर्स अभियान पूरे विश्व भर में फैला और यह पूरी दुनिया के टॉप 5 ट्रेंड में रहा। वेंकैया नायडू ने इस अवसर पर तेजस्विनी यू-ट्यूब लिंक का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी देने में मीडिया को भी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए, विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से नारी शक्ति कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
सूचना और प्रसारण मंत्री ने कहा कि अपने देश के इतिहास में योगदान करने वाले और उदाहरण पेश करने वाली महिला नेताओं और बुद्धिजीवियों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है, महिलाओं को सामाजिक स्थान पर लाने में हमारे देश ने काफी काम किया है। उन्होंने कहा कि यद्यपि हम पुरानी मनोवृत्ति और व्यवहारों से उभर आए हैं, लेकिन लैंगिक समानता के बारे में लोगों को संवेदी बनाने का कार्य पूरा करना बाकी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में भारतीय महिलाओं की भूमिका और उनके योगदान दिखाई देते हैं, भारतीय महिलाएं बैंकर, अंतरिक्ष वैज्ञानिक, पुलिस तथा कॉरपोरेट पेशे में नेतृत्व कर रही हैं, सॉफ्टवेयर उद्योग का 30 प्रतिशत कार्यबल महिलाओं का है, भारतीय महिलाओं ने खेल के क्षेत्र में भी अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया है, बैडमिंटन में पीवी सिंधु, कुश्ती में साक्षी मलिक और मुक्केबाजी में मैरी कॉम इसके उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि यहां तक कि मोदी सरकार में महिला सहयोगी, विदेश मंत्रालय, वाणिज्य तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय को महिलाओं का नेतृत्व प्राप्त है।
महिलाओं के असाधारण प्रयासों की चर्चा करते हुए वेंकैया नायडू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की 105 वर्षीय कुँवर बाई के जोश की कहानी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है, स्वच्छ भारत अभियान के शुभंकर के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में उनका सम्मान किया। वेंकैया नायडू ने कहा कि प्रसिद्ध महिलाओं की प्रेरणादायी कहानियां और उपलब्धि प्राप्त करने वाली महिलाओं के साक्षात्कार से वैसी महिलाएं प्रेरित होंगी, जिनकी ओर ध्यान नहीं गया है। उन्होंने प्रसार भारती से लड़कियों, किशोरियों तथा महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का संदेश फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की योग्यता, मेधा और शक्ति को दिखाने वाले कार्यक्रम बनाने और ज्यादा विकसित किए जाने चाहिएं, इससे देश में महिला आंदोलन सशक्त होगा। इस मौके पर मौजूद महिला और बाल विकास मंत्री मेनका संजय गांधी ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में मंत्रालय के कार्यक्रमों की चर्चा की। मेनका संजय गांधी ने विशेष रूप से समानता के विचार को प्रोत्साहित करने के लिए सोशल मीडिया पर उनके मंत्रालय के शुरू किए गए हम समान हैं अभियान की चर्चा की।
सूचना और प्रसारण मंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों से आई 14 तेजस्विनियों को सम्मानित किया। सम्मानित तेजस्विनियों की सूची में दीपा मलिक पैरालम्पिक 2017 रजत पदक विजेता, सुनीता चौधरी दिल्ली की पहली ऑटो रिक्शा चालक, गीतांजलि बब्बर सेक्स वर्कर्स के लिए सामाजिक कार्यकर्ता, अर्चना रामसुंदरम अर्द्धसैनिक विंग की पहली महिला प्रमुख, पंडिता अनुराधा पाल विश्व की पहली महिला पेशेवर तबला वादक, डॉ सोनल मानसिंह भरतनाट्यम कलाकार, उषा चोमर स्वच्छता एम्बेसेडर, प्रतिष्ठा सारस्वत योगाचार्य, विंग कमांडर पूजा ठाकुर, प्रज्ञा घिल्डियाल दिव्यांगता के साथ सर्वश्रेष्ठ खेल व्यक्ति, रूपा एसिड हमले से सुरक्षित बचीं, मधु एसिड हमले से सुरक्षित बचीं, नीतू एसिड हमले से सुरक्षित बचीं, संतोष यादव पर्वतारोही शामिल हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]