स्वतंत्र आवाज़
word map

श्रीकृष्ण हर युग में सार्थक-केके यादव

जोधपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी स्नेह मिलन समारोह

भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन पर समृद्ध विचारशाला

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 26 August 2016 01:24:49 AM

srikrishna janmashtami sneh milan ceremony in jodhpur

जोधपुर। राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र के निदेशक डाक सेवाएं कृष्ण कुमार यादव, गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र जोधपुर में यादव समाज जोधपुर के श्रीकृष्ण जन्माष्टमी स्नेह मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने बड़े ही भक्‍तिज्ञान के साथ भगवान श्रीकृष्ण के व्यक्‍तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण सिर्फ एक अवतार भर ही नहीं थे, इन सबसे आगे वह सभी के एक ऐसे पथ प्रदर्शक और मार्गदर्शक थे, जिनकी सार्थकता हर युग में और हर स्‍थान पर बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि इस भूमंडल को उनके व्यक्तित्व में संपूर्ण कलाओं से समृद्धशाली प्रतिभावान राजनीतिवेत्ता ही नहीं, अपितु एक महान कर्मयोगी और एक महान दार्शनिक भी प्राप्त हुआ, जिसका गीता का संदेश समस्त मानवजाति एवं सभी देशकाल के लिए पथ प्रदर्शक और अनुकरणीय है।
डाक निदेशक कृष्ण कुमार यादव ने इस बात पर जोर दिया कि आज देश के युवाओं को श्रीकृष्ण के विराट चरित्र के बृहद अध्ययन की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राजनेताओं को उनकी विलक्षण राजनीति समझने की आवश्यकता है और धर्म के प्रणेताओं, उपदेशकों को यह समझने की जरूरत है कि श्रीकृष्ण ने संघर्षों से डरकर या विचलित होकर जीवन से भागने या पलायन करने अथवा निषेध का संदेश कभी नहीं दिया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने कभी कोई निषेध नहीं किया, उन्होंने पूरे जीवन को समग्रता के साथ स्वीकारा है, यही कारण है कि भगवान के रूप में श्रीकृष्ण की स्तुति लगभग सारी दुनिया में किसी न किसी भाव से की जाती है, यहां तक कि जिन्हें हम साधारण रूप में नास्तिक या धर्मनिरपेक्ष की श्रेणी में रखते हैं, वे भी निश्चित रूप से भागवद्गीता से प्रभावित हैं। कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि श्रीकृष्ण के गीता में उपदेशों का हर एक वाक्य हमें कर्म करने और जीने की कला सिखाता है, अब तो कॉरपोरेट जगत भी प्रबंधन के सिद्धांत को गीता से जोड़कर प्रतिपादित कर रहा है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी स्नेह मिलन समारोह को रेलवे वर्कशॉप जोधपुर में उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर सत्यवीर सिंह यादव ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के चरित्र में सर्वत्र समदर्शिता प्रकट होती है। रिटायर्ड अतिरिक्त रजिस्ट्रार सहकारी समिति जोधपुर संभाग योगेंद्र सिंह यादव ने महान दार्शनिक श्रीकृष्ण के विचारों को सदैव प्रासंगिक बताते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया और कहा कि सभी विषमताओं का समाधान श्रीकृष्ण के जीवनदर्शन में है। कार्यक्रम की अध्यक्षता यादव समाज जोधपुर के अध्यक्ष डॉ शैलेष यादव ने की। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की सभी लीलाएं कुछ न कुछ प्रेरणाएं और जीवन संदेश देती हैं, उन लीलाओं को उनके आध्यात्मिक स्वरूप में ही समझा जा सकता है। यूथ हॉस्टल जोधपुर के प्रबंधक लेफ्टिनेंट कर्नल प्रकाश चंद्र यादव ने भी भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग पर विचार व्यक्त किए। निदेशक डाक सेवाएं कृष्ण कुमार यादव ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर प्रविंद्र यादव, डॉ रामरतन यादव, मदन सिंह यादव, नंदकिशोर यादव, अरुण यादव, आनंद यादव, राजकुमार यादव और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। भगवान श्रीकृष्ण के अलौकिक प्रेरक प्रसंगों के साथ कार्यक्रम का संचालन नंदकिशोर यादव ने किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]