स्वतंत्र आवाज़
word map

अखिलेश यादव को संतों का आशीर्वाद

मानसरोवर यात्रियों को अनुदान चेक प्रदान किए

अयोध्या में भजन संध्या स्थल का शिलान्यास

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 7 August 2016 07:35:41 AM

akhilesh yadav, bhajan sandhya foundation site in ayodhya

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सरकारी आवास पर कैलाश मानसरोवर एवं सिंधु दर्शन यात्रा के यात्रियों के अनुदान वितरण समारोह और अयोध्या में भजन संध्या पंडाल के शिलान्यास कार्यक्रम में संतों ने उन्हें विधानसभा चुनाव में विजय का आशीर्वाद दिया। कालीदास मार्ग पर मुख्यमंत्री आवास वेदशास्‍त्रों के श्लोकों, सू‌क्तियों, रामायण की चौपाईयों और अखिलेश यादव की प्रशंसाओं से गूंजता रहा। मुख्यमंत्री को मानसरोवर यात्रियों ने प्रसादस्वरूप अंगवस्‍त्र भेंट किया, चंदन रोली का तिलक लगाया और उनकी सफलताओं का मार्ग प्रशस्‍त्र करने के लिए स्वस्तिवाचन किया। अखिलेश यादव ने इसके लिए संतों को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसी यात्राएं आपसी समझ, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देती हैं।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि अपने देश में तीर्थ यात्राओं की प्राचीन परंपरा रही है, महान लोगों ने बड़ी-बड़ी यात्राएं की हैं, गुरु नानक 24 वर्ष तक यात्राएं ही करते रहे, बौद्ध धर्म के लोगों ने भी लंबी यात्राएं कीं, यात्री समाज के लिए बड़ा संदेश लाते हैं, जिससे समाज को काफी लाभ होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन यात्राओं के मार्ग दुर्गम होते हैं, मानसरोवर यात्रा पर गए लोगों को काफी कठिनाईयां पेश आई होंगी, लेह-लद्दाख और कैलाश मानसरोवर के इलाके प्राकृतिक रूप से काफी अलग हैं, लेह-लद्दाख का क्षेत्र जहां एक कोल्ड डेजर्ट की तरह हैं, वहीं कैलाश मानसरोवर का क्षेत्र हरियाली से भरा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यात्रा से लौटे यात्री यात्रा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव में अपनी सरकार की वापसी का दृढ़ता से विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का सपा सरकार का छठा आम बजट भी वही पेश करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने समाजवादियों को काम करने का मौका दिया, समाजवादी सरकार ने लगातार प्रदेशवासियों की तरक्की एवं खुशहाली के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने सड़क, पुल, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं, मेट्रो रेल, साइकिल आदि हर क्षेत्र में सभी जाति, वर्ग तथा धर्म के लोगों के लिए बिना किसी भेदभाव के काम किया है, आम लोगों को फायदा हो यही समाजवादी चाहते हैं। कार्यक्रम को धर्मार्थ कार्य विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री विजय कुमार मिश्र, अयोध्या के महंत ज्ञानदास महाराज, जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्रीधराचार्य, मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार आलोक रंजन, उत्तर प्रदेश सिंधी अकादमी के उपाध्यक्ष अमृत राजपाल, मानसरोवर सेवा समिति के अध्यक्ष उदय कौशिक ने भी संबोधित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सिंधी अकादमी की वार्षिक पत्रिका ‘उत्तर प्रदेश सिंधी अकादमी के बढ़ते कदम’ का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के 89 यात्रियों को 50-50 हजार रुपये का चेक तथा सिंधु दर्शन यात्रा के 74 यात्रियों को 10-10 हजार रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। उत्तर प्रदेश सिंधी अकादमी ने मुख्यमंत्री को चांदी का मुकुट पहनाकर तथा कैलाश मानसरोवर यात्रियों की ओर से उनका पगड़ी पहनाकर स्वागत व अभिनंदन किया। इस अवसर पर राज्य सरकार के मंत्री अवधेश प्रसाद, विनोद कुमार सिंह, तेज नारायन पांडेय, जनप्रतिनिधि, प्रमुख सचिव धर्मार्थ कार्य एवं सूचना नवनीत सहगल, सूचना निदेशक सुधेश कुमार ओझा सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या में भजन संध्या स्थल का मंत्रोच्चार के बीच शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या धार्मिक पर्यटन का एक महत्वपूर्ण स्थान है, जहां पर बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं, यहां पर भजन संध्या स्थल के निर्माण से धर्म को जानने वाले, आमजन को धर्म के वास्तविक रूप से परिचित करा सकेंगे। कार्यक्रम में अयोध्या से बड़ी संख्या में आए संतों का आभार प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों के आशीर्वाद से काम की कठिनाइयां दूर हो जाती हैं, भजन-कीर्तन तब अच्छे लगते हैं, जब लोग खुशहाली और तरक्की के रास्ते पर हों और धर्म भी तभी आगे बढ़ेगा जब लोग खुशहाल होंगे। अयोध्या में भजन संध्या स्थल के निर्माण की लागत लगभग 15 करोड़ रुपए है, जिसका निर्माण सरयू नदी के किनारे कराया जाएगा। इसमें 5 हजार से अधिक श्रद्धालु एक साथ बैठकर भजन सत्संग का लाभ ले सकेंगे। प्रथम किश्त के रूप में राज्य सरकार निर्माण इकाई को 5 करोड़ रुपए की धनराशि भी निर्गत कर चुकी है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]