स्वतंत्र आवाज़
word map

पुरस्कारों से पर्यटन उद्योग को प्रोत्साहन

लोकसभा अध्यक्ष ने दिए राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार

पर्यटन ने ग्रामीण अर्थव्यवस्‍था को भी सुधारा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 30 July 2016 07:15:58 AM

sumitra mahajan presented the national tourism awards

नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने विज्ञान भवन नई दिल्‍ली में आज पर्यटन मंत्रालय के एक समारोह में यात्रा, पर्यटन और आवभगत उद्योग के विभिन्न खंडों के लिए 'राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार-2014-15' प्रदान किए। पर्यटन और संस्कृति मंत्रालय में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री डॉ महेश शर्मा ने पुरस्कार समारोह की अध्यक्षता की। विभिन्न राज्यों के पर्यटन मंत्री, केंद्र एवं राज्य सरकारों के अधिकारी, यात्रा तथा आवभगत उद्योग से विभिन्न संगठनों के सदस्य, ट्रेवल एजेंट, टूल ऑपरेटर और ट्रेवल मीडिया से जुड़े लोगों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सुमित्रा महाजन ने सभी पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने पर्यटन उद्योग से जुड़े सभी लोगों से कहा कि वे इस उद्योग को उत्कृष्ट सेवा और उत्कृष्टता के जरिए नई ऊंचाइयों पर पहुंचाए। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि पुरस्कार समारोह में ग्रामीण पर्यटन को विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने कोणम क्षेत्र में समृद्ध ग्रामीण पर्यटन का उदाहरण दिया।
सुमित्रा महाजन ने कहा कि सेवा उत्कृष्टता अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि भारतीय पर्यटन क्षेत्र विकास के मार्ग पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि हमें पर्यटन को रस्मी तौर पर नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में परिवर्तन लाने के माध्यम के रूप में देखना चाहिए। डॉ महेश शर्मा ने देश में यात्रा पर्यटन और आवभगत उद्योग के विभिन्न खंडों की भूमिकाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि हम पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, ताकि सभी विदेशी पर्यटकों और देशवासियों को रचनात्मक और अविस्मरणीय अनुभव करा सकें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कारों का लक्ष्य प्रत्येक सेवा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने वालों को सम्मानित करना है। पर्यटन राज्यमंत्री ने बताया कि पर्यटन मंत्रालय रेलवे मंत्रालय के साथ मिलकर चुने हुए मार्गों पर पर्यटकों के लिए विशेष पर्यटक डिब्बों की व्यवस्था करने जा रहा है, इसके साथ ही 50 रेलवे स्टेशनों को पर्यटन की दृष्टि से आदर्श रेलवे स्टेशन के रूप में भी विकसित किया जा रहा है।
पर्यटन सचिव विनोद ज़ुत्शी ने कहा कि अब पर्यटन क्षेत्र को विश्वभर में उच्च वरीयता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पर्यटन के विकास से हमारे सकल घरेलू उत्पाद में वृद्धि हुई है, विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी खासा इजाफा हुआ है और हमारा घरेलू पर्यटन तेजी से विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्ष में पर्यटन मंत्रालय के नए कार्यक्रम सराहनीय रहे हैं। पर्यटन मंत्रालय में अपर सचिव उदय प्रताप सिंह ने मंत्रालय की ओर से आभार व्यक्त किया। यात्रा, पर्यटन और आतिथ्‍य उद्योग के क्षेत्र में प्राप्‍त की गई उपलब्धियों के लिए पिछले कई सालों में राष्‍ट्रीय पर्यटन पुरस्‍कार एक प्रतिष्ठित पहचान के रूप में उभरकर सामने आया है। यह पुरस्‍कार को प्रत्‍येक वर्ष पर्यटन मंत्रालय यात्रा, पर्यटन और आतिथ्‍य उद्योग के कई वर्गों में देता है। इन वर्गों में राज्‍य सरकार, केंद्र शासित प्रदेश, वर्गीकृत होटल, हेरिटेज होटल, अनुमोदित ट्रेवल एजेंट, टूर ऑपरेटर, टूरिस्‍ट ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर, व्‍यक्तिगत और निजी संस्‍थानों को उनके प्रदर्शन के आधार पर शामिल किया जाता है और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उनके बीच एक स्‍वस्‍थ प्रतिस्‍पर्धा को प्रोत्‍साहित किया जाता है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]