स्वतंत्र आवाज़
word map

जिम्नास्ट दीपा करमाकर राज्यमंत्री से मिली

डॉ जितेंद्र सिंह की दीपा करमाकर को शुभकामनाएं!

रियो ओलम्पिक की पहली भारतीय जिम्नास्ट

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 26 April 2016 05:06:20 AM

gymnast dipa karmakar meet  minister of state, dr. jitendra singh

नई दिल्ली। पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री, प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन, परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह से रियो ओलम्पिक खेलों के लिए क्वालीफाई करने वाली त्रिपुरा की 22 वर्षीय जिम्नास्ट दीपा करमाकर ने मुलाकात की। राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने दीपा करमाकर को शुभकामनाएं दीं। दीपा करमाकर 52 वर्ष के बाद ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय महिला जिम्नास्ट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस महीने की 19 तारीख को जम्मू एवं कश्मीर की अपनी यात्रा के दौरान श्रीमाता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय में अपने दीक्षांत समारोह संबोधन में दीपा करमाकर का विशेष रूप से उल्लेख किया था।
जिम्नास्ट दीपा करमाकर को उसकी विशिष्ट सफलता के लिए बधाई देते हुए डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि आज समस्त राष्ट्र उसके लिए गर्व महसूस कर रहा है और वह व्यक्तिगत रूप से इसे विशेष गौरव मानते हैं, क्योंकि उसने ऐसे समय में यह उपलब्धि हासिल की है, जब वह पूर्वोत्तर क्षेत्र के प्रभारी हैं। उन्होंने कहा कि दीपा करमाकर ने न केवल भारत की लड़कियों के लिए, बल्कि पूरे विश्व की लड़कियों के लिए एक ऐसा खेल चुनने के जरिए एक उदाहरण पेश किया है, जो न केवल कठिन है, बल्कि इसके लिए कड़ी शारीरिक मेहनत एवं जोखिम उठाने की क्षमता होनी चाहिए। दीपा करमाकर के साथ उसके कोच विश्वेश्वर नंदी भी थे, जिन्होंने कहा कि दीपा करमाकर ने महज पांच वर्ष की अवधि से ही इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए बहुत कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा कि अभी तक दीपा करमाकर ने विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में 67 स्वर्ण पदक समेत 77 पदक जीते हैं।
राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने दीपा करमाकर को सरकार की तरफ से सभी प्रकार की सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है, जिससे कि वह ओलंपिक में अपने लक्ष्य को हासिल कर सके तथा अपनी क्षमता का अधिकतम प्रदर्शन कर सके। राज्यमंत्री पहले ही दीपा करमाकर की चर्चा केंद्रीय खेलमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के सामने कर चुके हैं, जिन्होंने उसके लिए विशेष समर्थन एवं मदद करने के लिए आदेश जारी किए थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]